Parliament Storms After Naravane Name: संसद के बजट सत्र के दौरान सोमवार को उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व थल सेना प्रमुख एमएम नरवणे का नाम लिया। राहुल गांधी का भाषण शुरू होते ही सत्ता पक्ष के सांसदों ने तीखा विरोध दर्ज कराया, जिसके चलते सदन का माहौल तनावपूर्ण हो गया और आखिरकार लोकसभा की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राहुल गांधी के बयान पर क्यों भड़का सदन
राहुल गांधी ने सदन में कहा कि वह पूर्व आर्मी चीफ एमएम नरवणे की किताब में लिखी बातों का जिक्र करना चाहते हैं, जिसमें चीन और सीमा से जुड़े हालातों का उल्लेख है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय है और उन्हें केवल दो-तीन पंक्तियां रखने का मौका दिया जाना चाहिए, लेकिन बार-बार टोके जाने से विवाद और गहरा गया।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का तीखा हमला
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर संसद की मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सेना का मनोबल गिराने की कोशिश कर रहे हैं और बच्चों की तरह जिद कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि स्पीकर की रूलिंग को बार-बार न मानना संसद के इतिहास में गंभीर अनुशासनहीनता है।
राहुल का आरोप
हंगामे के बीच राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें जानबूझकर बोलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह केवल यह बताना चाहते हैं कि पूर्व आर्मी चीफ ने अपनी किताब में क्या लिखा है और उस समय सरकार की क्या भूमिका रही। राहुल ने इसे सीधे तौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बताया।
स्पीकर ने क्यों स्थगित की कार्यवाही
लगातार शोर-शराबे और नियमों के उल्लंघन के आरोपों के बीच लोकसभा स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित कर दिया। स्पीकर ने स्पष्ट किया कि बार-बार चेतावनी के बावजूद सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल पा रही थी। इस घटनाक्रम ने बजट सत्र के पहले ही दिन संसद की राजनीति को और गरमा दिया है।