Partapur News: एशियन गेम्स-2026 में दो कांस्य पदक जीतकर मेरठ का नाम रोशन करने वाली अंतरराष्ट्रीय एथलीट पारुल चौधरी का शुक्रवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा पर ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। टोल प्लाजा पहुंचते ही खेल प्रेमियों और समर्थकों ने पारुल को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी। काशी टोल से कंकरखेड़ा तक जगह-जगह लोगों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया।
महिला पुलिसकर्मियों में भी खासा उत्साह नजर आया
पारुल के स्वागत के लिए सीओ ब्रह्मपुरी भी परतापुर और कंकरखेड़ा थाने के पुलिसकर्मियों के साथ काशी टोल प्लाजा पहुंचे। उन्होंने पारुल चौधरी को गुलदस्ता भेंटकर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों में भी खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने पारुल के साथ सेल्फी लेकर खुशी जताई।
5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में पारुल ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। 3000 मीटर स्टीपलचेज में उन्होंने 9:08.67 मिनट का समय निकालकर अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर किया। वहीं 5000 मीटर दौड़ में 15:14.61 मिनट के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
दो एशियन गेम्स में पदक जीत चुकी
पारुल लगातार दो एशियन गेम्स में पदक जीत चुकी हैं। वर्ष 2023 में चीन के हांगझोउ में आयोजित एशियन गेम्स में उन्होंने 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण और 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक जीता था। इसके बाद 2026 के एशियन गेम्स में दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने एशियन गेम्स में अपने पदकों की संख्या चार कर ली। उनके खाते में अब एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक हैं।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशी जताई
काशी टोल प्लाजा पर स्वागत के दौरान समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशी जताई। लोगों ने पारुल के साथ फोटो खिंचवाए और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। काशी टोल से कंकरखेड़ा तक कई स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर मेरठ की बेटी का अभिनंदन किया। पारुल की उपलब्धि से शहर के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।