
Man Slaps Co Passenger:मुंबई से कोलकाता जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय हंगामा मच गया जब एक यात्री को अचानक पैनिक अटैक आ गया. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक मुस्लिम युवक फ्लाइट की गैलरी में खड़ा है और घबराया हुआ नजर आ रहा है. उसे शांत कराने के लिए एयर होस्टेस मदद कर रही थीं, लेकिन तभी सीट पर बैठा एक यात्री अचानक उठता है और युवक को जोरदार थप्पड़ मार देता है. इस घटना के बाद युवक और ज्यादा घबरा गया और जोर-जोर से रोने लगा. फ्लाइट क्रू भी इस घटना से घबरा गया और तुरंत कार्रवाई में जुट गया.
यात्री ने कहा- मुझे हो रही थी परेशानी
थप्पड़ मारने वाले शख्स ने सफाई देते हुए कहा कि उसे उस युवक की हरकतों से परेशानी हो रही थी. लेकिन बाकी यात्रियों ने उसके इस बर्ताव की निंदा की और उसे जमकर फटकार लगाई. फ्लाइट अटेंडेंट्स ने तुरंत हस्तक्षेप कर पैनिक अटैक झेल रहे युवक को दूसरी सीट पर बिठाया और थप्पड़ मारने वाले शख्स की भी सीट बदल दी. यात्रियों ने मामले को शांत कराया लेकिन घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
यहां देखें वीडियो-
एयरलाइन ने जताया खेद, आरोपी यात्री को सौंपा सुरक्षा एजेंसियों को
घटना पर इंडिगो एयरलाइंस ने X (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी कर खेद जताया. उन्होंने लिखा कि यात्री के साथ हुई मारपीट की घटना की हम निंदा करते हैं. इस तरह का व्यवहार हमारी उड़ानों में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एयरलाइन ने बताया कि कोलकाता लैंडिंग के बाद आरोपी यात्री को सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया. साथ ही यह भी कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है.