NEET Student Death Case: पटना के शंभू हॉस्टल में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट में छात्रा की बॉडी में सीमेन मिलने की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद रेप की आशंका बढ़ गई है। मंगलवार को एसआईटी टीम ने 6 संदिग्ध लोगों को पकड़ा है। जिनका DNA सैंपल लिया गया है। इनके डीएनए का मिलान फॉरेंसिक रिपोर्ट द्वारा की गई प्रोफाइलिंग से किया जाएगा।
सैंपल का छात्रा की प्रोफाइल से किया जाएगा मिलान
बताया जा रहा है कि डीएनए सैंपल लेने के बाद एसआईटी की टीम सभी 6 संदिग्धों को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। इन सभी के डीएनए सैंपल मेडिकल टीम और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में लिए गए हैं और सील बंद कर फॉरेंसिक लैब भेजे गए हैं। फॉरेंसिक लैब में इनका मिलान छात्रा की प्रोफाइल से किया जाएगा। इससे यह साबित होगा कि कोई संदिग्ध घटना में शामिल था या नहीं। वहीं, SIT ने यह सुनिश्चित किया है कि हर सैंपल साफ-सुथरे तरीके से लिया गया और मेडिकल तथा कानूनी प्रोटोकॉल का पालन किया गया।
जांच एजेंसियों ने कार्रवाई की तेज
बता दें कि बीते दिन फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) ने अपनी रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें छात्रा के अंडरगारमेंट्स से मेल स्पर्म मिलने की पुष्टि हुई थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर जांच एजेंसियों ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। वहीं, परिवार पहले से ही इस बात का आरोप लगा रहे है कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म और हत्या हुई है।
यह भी पढ़ें: UGC के नए नियमों पर बवाल: दिल्ली में छात्र सड़कों पर, सियासत में भी तेज हुआ विरोध
घटना के समय हॉस्टल के आसपास देखे गए
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिन 6 लोगों का DNA लिया गया है, उनका शंभु गर्ल्स हॉस्टल में आना जाना था। घटना के समय ये लोग हॉस्टल के आसपास देखे गए थे। इस मामले में गठित एसआईटी टीम ने उनकी कॉल डिटेल्स और लोकेशन डेटा हासिल कर जांच को आगे बढ़ाया है। वहीं, एसआईटी टीम को सीसीटीवी फुटेज से भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
6 जनवरी की है घटना
आपको बता दें कि यह घटना 6 जनवरी की है, जब छात्रा को शंभु हॉस्टल के अपने कमरे में बेहोश अवस्था में पाया गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 11 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के समय छात्रा की उम्र 18 साल से कम थी।