Patrick Stewart Death: हॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेता सर पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 साल की उम्र में निधन हो गया है। 'स्टार ट्रेक' में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड और 'एक्स-मेन' में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर का यादगार किरदार निभाकर उन्होंने दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके जाने से फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर है। परिवार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पैट्रिक स्टीवर्ट ने 28 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली। वह अल्जाइमर रोग और लेवी बॉडी डिमेंशिया से जूझ रहे थे। उनके अंतिम समय में पत्नी सनी उनके साथ थीं। अभिनेता के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर परिवार ने यह दुखद जानकारी साझा की। उनके निधन की खबर सामने आते ही प्रशंसकों और फिल्मी हस्तियों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया।
ह्यू जैकमैन ने दोस्त को किया याद
पैट्रिक स्टीवर्ट के निधन से उनके साथ काम कर चुके कलाकार भी भावुक हैं। 'एक्स-मेन' फिल्मों में वुल्वरिन का किरदार निभाने वाले अभिनेता ह्यू जैकमैन ने उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिया पर कुछ पुरानी तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने पैट्रिक को शानदार कलाकार के साथ-साथ एक बेहतरीन दोस्त और इंसान बताया। जैकमैन ने अपने संदेश में लिखा कि उन्होंने पैट्रिक से बहुत कुछ सीखा है और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। वहीं, मार्वल स्टूडियोज ने भी अभिनेता के निधन पर दुख जताया। स्टूडियो ने कहा कि पैट्रिक ने प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर के किरदार को अपनी अदाकारी, समझदारी और संवेदनशीलता से खास बना दिया था। उनके अभिनय ने कई पीढ़ियों के दर्शकों के दिलों में जगह बनाई।
https://twitter.com/SirPatStew/status/2115891266131300517
थिएटर से शुरू हुआ था पैट्रिक स्टीवर्ट का सफर
13 जुलाई 1940 को इंग्लैंड के मिरफील्ड में जन्मे पैट्रिक स्टीवर्ट का अभिनय करियर कई दशकों तक चला। फिल्मों और टेलीविजन में पहचान बनाने से पहले उन्होंने थिएटर में अपनी प्रतिभा दिखाई। वह प्रतिष्ठित रॉयल शेक्सपियर कंपनी का हिस्सा रहे और शेक्सपियर के कई नाटकों में अभिनय किया। उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान 'स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जनरेशन' में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड की भूमिका से मिली। इस किरदार ने उन्हें साइंस फिक्शन की दुनिया का लोकप्रिय चेहरा बना दिया। इसके बाद 'एक्स-मेन' सीरीज में प्रोफेसर एक्स बनकर उन्होंने एक बार फिर दर्शकों का दिल जीता। उनकी गंभीर आवाज, शानदार संवाद अदायगी और दमदार अभिनय की खूब तारीफ हुई।
यह भी पढ़ें: जाह्नवी कपूर की एक बात से मचा बवाल, तारा सुतारिया और वीर पहाड़िया फिर चर्चा में
2010 में मिला था नाइटहुड सम्मान
अभिनय की दुनिया में उनके लंबे योगदान को देखते हुए साल 2010 में ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने उन्हें नाइटहुड की उपाधि से सम्मानित किया था। इसके बाद उनके नाम के साथ 'सर' जुड़ गया। थिएटर से लेकर बड़े पर्दे तक उन्होंने अपनी कला की छाप छोड़ी। पैट्रिक स्टीवर्ट के परिवार में उनकी पत्नी सनी ओजेल और पहली शादी से हुए दो बच्चे डैनियल और सोफी हैं। उनके निधन से मनोरंजन जगत ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसने अलग-अलग भूमिकाओं के जरिए दुनिया भर के दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बनाई थी।