‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत पूर्वी जिला पुलिस की कम्युनिटी पुलिसिंग सेल ने विभिन्न स्कूलों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए। शकरपुर के आरएसकेवी नंबर-1 में करीब 400 विद्यार्थियों ने राष्ट्र के प्रति निष्ठा, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, एकता-अखंडता और नागरिक जिम्मेदारियों को निभाने की शपथ ली। इसी दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
पुलिसिंग की भावना को भी मजबूत किया
ललिता पार्क स्थित राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में थाना लक्ष्मी नगर के पुलिस अधिकारी के साथ विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर छात्रों ने एकता, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। पुलिस और विद्यार्थियों की इस साझेदारी ने सामुदायिक पुलिसिंग की भावना को भी मजबूत किया।
पदक देकर सम्मानित किया
कल्याणपुरी स्थित आरएसकेवी में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने रंगों और अपनी रचनात्मकता के जरिए तिरंगे, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावनाओं को उकेरा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। पूर्वी जिला पुलिस के इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम के साथ अनुशासन, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा।