फ्रांस के स्टार मिडफील्डर पॉल पोग्बा के लिए शनिवार रात बेहद भावुक रही। डोपिंग बैन की वजह से 2 साल से ज्यादा समय तक मैदान से दूर रहने के बाद आखिरकार उन्होंने मोनाको की जर्सी में अपना डेब्यू किया। 2023 के बाद पहली बार किसी प्रतियोगी मैच में उतरते हुए पोग्बा को फैन्स ने स्टैंडिंग ओवेशन दिया। रेन के खिलाफ मोनाको की 1-4 की हार के दौरान वे 85वें मिनट में बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान पर आए।
फैंस ने खड़े होकर स्वागत किया
पोग्बा ने अपने कमबैक को राहत और कृतज्ञता का पल बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि फैंस खड़े होकर उनका स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि वो वापस फुटबॉल खेलने पर बेहद खुश हैं लेकिन फिटनेस को लेकर अभी काफी काम करना बाकी है। पोग्बा ने साफ कहा कि अगर मोनाको के लिए उनका प्रदर्शन मजबूत नहीं रहा तो फ्रांस राष्ट्रीय टीम में वापसी का सपना खत्म हो जाएगा।
फरवरी 2024 में किया गया था बैन
सितंबर 2023 के बाद यह पोग्बा का पहला मैच था। फरवरी 2024 में उन्हें प्रतिबंधित पदार्थ DHEA के लिए पॉजिटिव पाए जाने पर चार साल का बैन मिला था, जो टेस्टोस्टेरोन लेवल बढ़ाता है। लेकिन कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट में अपील के बाद उनकी सजा घटाकर 18 महीने कर दी गई। पोग्बा पिछले महीने वापसी के करीब थे, लेकिन टखने की चोट ने उनकी वापसी कुछ समय के लिए टाल दी।
इसे भी पढ़ें : एक बार फिर हिली Bangladesh की धरती, 32 घंटे में चार भूकंप! आयरलैंड मैच के दौरान भी कांपा था मैदान, डर और दहशत में डूबा ढाका
कभी उम्मीद नहीं छोड़ी- पोग्बा
पोग्बा ने कहा कि उन्होंने कभी उम्मीद नहीं छोड़ी क्योंकि उन्हें विश्वास था कि उन्होंने कोई गलती नहीं की। उन्होंने कहा कि वह अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखते हैं और मोनाको के साथ खुद को फिर साबित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मोनाको का अगला मैच चैंपियंस लीग में बुधवार को पाफोस के खिलाफ है, जिसके बाद शनिवार को टीम का मुकाबला लीग 1 में पेरिस सेंट जर्मेन से होगा।