Pensioners DR Hike 2026 : दीवाली से पहले केंद्र सरकार के पेंशनर्स के लिए राहत की खबर सामने आई है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महंगाई राहत यानी डीआर में 3 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इसके बाद महंगाई राहत की दर 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी हो जाएगी। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। इससे करीब 68 लाख पेंशनर्स को फायदा मिलने की उम्मीद है। बढ़ी हुई रकम से बुजुर्गों को दवाइयों, राशन और रोजमर्रा के दूसरे खर्चों को पूरा करने में मदद मिल सकती है।
मूल पेंशन के हिसाब से बढ़ेगी रकम
महंगाई राहत में बढ़ोतरी का फायदा हर पेंशनर को उसकी मूल पेंशन के हिसाब से मिलेगा। दर में 3 फीसदी की बढ़ोतरी का मतलब है कि मूल पेंशन पर 3 फीसदी अतिरिक्त रकम मिलेगी। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी पेंशनर की मूल पेंशन 18,000 रुपये है, तो उसे हर महीने 540 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। वहीं, 25,000 रुपये की मूल पेंशन पर 750 रुपये और 35,000 रुपये की मूल पेंशन पर 1,050 रुपये महीने का फायदा होगा।
50 हजार पेंशन पर कितना फायदा?
जिन पेंशनर्स की मूल पेंशन 50,000 रुपये है, उन्हें डीआर में 3 फीसदी बढ़ोतरी से हर महीने 1,500 रुपये अतिरिक्त मिल सकते हैं। इसी तरह 75,000 रुपये की मूल पेंशन पर हर महीने 2,250 रुपये ज्यादा मिलेंगे। यानी मूल पेंशन जितनी अधिक होगी, बढ़ोतरी से मिलने वाली रकम भी उतनी ही ज्यादा होगी। यह गणना मूल पेंशन पर आधारित है, कुल बैंक खाते में आने वाली पेंशन पर नहीं।
फैमिली पेंशन पाने वालों को भी लाभ
डीआर बढ़ोतरी का फायदा सिर्फ रिटायर हो चुके सरकारी कर्मचारियों तक सीमित नहीं है। पात्र फैमिली पेंशनर्स भी इसके दायरे में आते हैं। इससे उन परिवारों को भी राहत मिल सकती है, जिन्हें सरकारी कर्मचारी की मृत्यु के बाद फैमिली पेंशन मिलती है। बढ़ती महंगाई के बीच हर महीने मिलने वाली अतिरिक्त रकम दवाइयों, घरेलू जरूरतों और दूसरे जरूरी खर्चों में काम आ सकती है।
ये भी पढ़ें : China में बच्चे कम, बुजुर्ग ज्यादा! 2050 तक घट जाएंगे 22.6 करोड़ कामगार, कैसे बचेगी ड्रैगन की रफ्तार?
1 जुलाई से लागू होगी नई दर
सरकार के फैसले के मुताबिक, बढ़ी हुई डीआर दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। इसलिए पात्र पेंशनर्स को जुलाई से लागू बढ़ी हुई दर के हिसाब से भुगतान मिलना चाहिए। अगर बढ़ी हुई रकम बाद में जारी होती है, तो नियमों के अनुसार बकाया राशि यानी एरियर भी मिल सकता है। एरियर की रकम इस बात पर निर्भर करेगी कि भुगतान कब किया जाता है और पेंशनर को कितने महीनों का बकाया मिलना है।
अपनी बढ़ी हुई पेंशन का हिसाब ऐसे लगाएं
अपनी मूल पेंशन पर 3 फीसदी बढ़ोतरी का हिसाब लगाना आसान है। इसके लिए मूल पेंशन को 3 से गुणा करके 100 से भाग दें। उदाहरण के लिए, अगर मूल पेंशन 30,000 रुपये है, तो हिसाब होगा: 30,000 × 3 ÷ 100 = 900 रुपये। यानी हर महीने 900 रुपये अतिरिक्त मिल सकते हैं। इस तरह अपनी मूल पेंशन के आधार पर आप बढ़ी हुई महंगाई राहत का अनुमान लगा सकते हैं।