Aloo Mirch Masala Recipe : अगर आप रोज की एक जैसी सब्जी खाकर बोर हो गए हैं और कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ जल्दी भी तैयार हो जाए, तो आलू-मिर्च मसाला एक बढ़िया विकल्प है। इस सब्जी को बनाने में ज्यादा समय या बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। मसालों के साथ आलू और हरी मिर्च का मेल खाने का स्वाद बढ़ा देता है.
झटपट तैयार होगी सब्जी
आलू-मिर्च मसाला बनाने में करीब 20 मिनट का समय लग सकता है. सबसे पहले आलू को उबालकर या छोटे टुकड़ों में काटकर तैयार कर लें. हरी मिर्च को अपने स्वाद के अनुसार लंबाई में काटें। अगर तीखा कम पसंद है, तो मिर्च की मात्रा थोड़ी कम रख सकते हैं.
ऐसे तैयार करें मसाला
कड़ाही में तेल गर्म करके उसमें जीरा डालें. जीरा चटकने के बाद थोड़ा हींग डालें। अब इसमें कटी हुई हरी मिर्च डालकर कुछ देर भूनें. इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालें. मसालों को धीमी आंच पर हल्का भूनने से उनका स्वाद अच्छी तरह उभरता है.
आलू डालकर करें अच्छी तरह मिक्स
अब कटे हुए आलू कड़ाही में डालें और मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं। सब्जी को कुछ मिनट तक मध्यम आंच पर पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि आलू नीचे से चिपके नहीं. आखिर में थोड़ा गरम मसाला और अमचूर पाउडर डालने से स्वाद में हल्का खट्टापन और मसालेदार खुशबू आ जाएगी.
रोटी और पराठे के साथ करें सर्व
आलू-मिर्च मसाला तैयार होने के बाद इसे गर्मागर्म रोटी, पराठे या पूरी के साथ परोसा जा सकता है. कम समय में बनने वाली यह सब्जी लंच या डिनर के लिए आसान और स्वादिष्ट विकल्प बन सकती है.