बैंक अपने ग्राहकों को कई तरह के लोन उपलब्ध कराते हैं और हर लोन की अपनी अलग शर्तें होती हैं। इनमें पर्सनल लोन सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले विकल्पों में शामिल है। मेडिकल जरूरत, घर की मरम्मत या अचानक आने वाले बड़े खर्च के लिए लोग अक्सर पर्सनल लोन लेते हैं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि पैसा होने के बावजूद भी कई बार आप चाहकर तुरंत अपना लोन खत्म नहीं कर सकते।
क्या होता है लॉक-इन पीरियड?
पर्सनल लोन में एक खास नियम लागू होता है जिसे लॉक-इन पीरियड कहा जाता है। यह एक तय समय सीमा होती है, जो आमतौर पर 6 से 12 महीने तक रहती है। इस अवधि के दौरान ग्राहक अपना पूरा लोन समय से पहले बंद नहीं कर सकता। यानी अगर आपके पास पैसे आ भी जाएं, तब भी कई मामलों में आपको तय ईएमआई भरनी पड़ती है।
क्यों बनाया गया ये नियम?
लॉक-इन अवधि का सबसे बड़ा कारण बैंकों का ब्याज से जुड़ा फायदा होता है। बैंक जब किसी ग्राहक को लोन देते हैं, तो उन्हें उम्मीद होती है कि तय समय तक ब्याज की आय होती रहेगी। अगर ग्राहक लोन लेने के तुरंत बाद पूरा पैसा लौटा दे तो बैंक की संभावित कमाई प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से लोन पर यह समय सीमा लागू की जाती है।
ये भी पढ़ें : सोना चमका, चांदी ने लगाई लंबी छलांग, एक झटके में 5000 रुपये महंगी हुई कीमत
लोन लेने वालों पर क्या असर?
इस नियम का असर सीधे ग्राहकों पर पड़ता है। अगर किसी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति अचानक मजबूत हो जाए और वह जल्दी लोन खत्म करना चाहे तो उसे परेशानी हो सकती है। कई मामलों में समय से पहले भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क भी लग सकता है। हालांकि कुछ बैंक आंशिक प्री-पेमेंट की अनुमति देते हैं, लेकिन उसके भी अपने नियम होते हैं।
समय से पहले भुगतान के फायदे
लोन को जल्दी चुकाने का सबसे बड़ा फायदा ब्याज की बचत है। अगर आप तय समय से पहले लोन खत्म करते हैं तो कुल ब्याज कम देना पड़ता है। साथ ही नियमित भुगतान और सही तरीके से लोन बंद करने से क्रेडिट स्कोर पर भी अच्छा असर पड़ सकता है। इसलिए लोन लेने से पहले प्री-पेमेंट और लॉक-इन से जुड़े नियम जरूर पढ़ने चाहिए।
लोन बंद करने से पहले ये करें
अगर आप पर्सनल लोन समय से पहले बंद करना चाहते हैं तो सबसे पहले अपनी पात्रता जांच लें। इसके बाद बैंक से प्री-क्लोजर से जुड़ी जानकारी लें। भुगतान करने के बाद समापन दस्तावेज लेना भी जरूरी होता है। कई लोग जल्दबाजी में ये प्रक्रिया पूरी नहीं करते और बाद में दिक्कत का सामना करते हैं। इसलिए लोन लेते समय सिर्फ रकम नहीं, उसके नियम भी समझना बेहद जरूरी है।