
शुक्रवार को दक्षिणी फिलिपींस में जोरदार भूकंप के झटके महसूस हुए. इस झटकों की रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 7.6 मापी गई. वहीं इतने तेज झटकों के बाद यहां पर सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया है. इसके साथ ही तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर समय रहते चले जाएं. बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र जमीन के 10 किलोमीटर नीचे था. भूकंप का केंद्र तटीय इलाके में केंद्र होने के कारण समंदर में हलचल होने की संभावना जताई जा रही है जो कि सुनामी का रूप ले सकती है.
अभी भूकंप के और भी झटके आ सकते हैं- एजेंसियां
हालांकि भूकंप से किसी प्रकार के बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है. वहीं संबंधित एजेंसियों का कहना है कि अभी भूकंप के और भी झटके आने की आशंका है. एजेंसियों द्वारा आफ्टरशॉक से होने वाले नुकसान को लेकर आगाह कर दिया गया है. यूएस सुनामी वॉर्निंग सिस्टम की मानें तो भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में जानलेवा सुनामी आ सकती है. फिवोल्क्स का कहना है कि अगले दो घंटे में सुनामी वाली लहरें समंदर में उठती हुई दिखाई दे सकती हैं.
पिछले हफ्ते आए भूकंप में 74 लोगों की हुई मौत
इसके साथ ही जारी किए गए अलर्ट में कहा गया है कि सुनामी की पहली लहर 9 बजकर 43 मिनट से 11 बजकर 43 मिनट के बीच आ सकती है. इसके साथ ही ये लहरें कई घंटों तक जारी रह सकती हैं. बता दें कि पिछले हफ्ते फिलीपींस में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें तकरीबन 74 लोगों की मौत हो गई थी. इस भूकंप में कई ऐतिहासिक इमारतों को भी नुकसान पहुंचा था.
इसे भी पढ़ें : Tejas Mk1A: दुश्मनों के दांत खट्टे करेगा तेजस Mk1A, 17 अक्टूबर को भरेगा पहली उड़ान
1 दिन पहले शिनलोंग काउंटी में 5.4 तीव्रता का आया भूकंप
मिली जानकारी के अनुसार एक दिन पहले ही दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत के गंजी तिब्बती स्वायत्त प्रान्त के शिनलोंग काउंटी में गुरुवार को स्थानीय समयानुसार 1:17 बजे 5.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किये गए थे. चीन के भूकंप नेटवर्क केंद्र (सीईएनसी) ने यह जानकारी साझा की थी. इस भूकंप का केंद्र 30.84 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 99.86 डिग्री पूर्वी देशांतर पर जमीन की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया था.