Aashram 4 : ओटीटी की चर्चित वेब सीरीज ‘आश्रम’ के चौथे सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीरीज के नए सीजन की शूटिंग शुरू हो चुकी है। लंबे समय से फैंस यह जानने के लिए उत्सुक थे कि कहानी आगे किस मोड़ पर पहुंचेगी और पम्मी व बाबा निराला के बीच चल रही कहानी का क्या होगा.
सेट से सामने आई पम्मी की तस्वीर
इसी बीच पम्मी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री अदिति पोहनकर ने सोशल मीडिया पर सेट से जुड़ी एक तस्वीर शेयर की है. तस्वीर सामने आने के बाद ‘आश्रम 4’ को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है. तस्वीर में अदिति के साथ सीरीज के मुख्य किरदार बाबा निराला नजर आ रहे हैं. दोनों को एक साथ देखकर दर्शक आने वाले एपिसोड की कहानी को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं.
पम्मी और बाबा की कहानी पर नजर
‘आश्रम’ की कहानी में पम्मी और बाबा निराला के बीच का रिश्ता शुरुआत से ही काफी अहम रहा है. पिछले सीजन में दोनों के बीच तनाव और टकराव ने कहानी को एक नया मोड़ दिया था। ऐसे में नए सीजन में पम्मी का अगला कदम क्या होगा और बाबा निराला के सामने कौन-सी नई चुनौती आएगी, यह देखना दिलचस्प होगा.
फैंस को नए सीजन का इंतजार
सेट से तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सीरीज को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, नए सीजन की रिलीज डेट और कहानी से जुड़ी कई अहम जानकारियां अभी सामने आना बाकी हैं. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि ‘आश्रम 4’ पहले के मुकाबले और ज्यादा रोमांचक कहानी लेकर आएगा. फिलहाल दर्शकों की नजर सीरीज की शूटिंग और मेकर्स की ओर से आने वाले अगले अपडेट पर टिकी है.