नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने समाज में व्याप्त सामाजिक बुराइयों को फिर से उजागर कर दिया है। एक युवती को शादी का झूठा आश्वासन देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी ने, जब शादी से इंकार किया तो अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इससे आहत युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
शारीरिक शोषण शुरू कर दिया
युवती के पिता रवि (काल्पनिक नाम), जो सेक्टर-140 के निवासी हैं, ने थाना सेक्टर-39 में लिखित तहरीर देकर पूरा घटनाक्रम पुलिस के समक्ष रखा। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, उनकी बेटी दिल्ली की एक प्रतिष्ठित लॉ फर्म में कार्यरत थी। यहीं पर उसकी मुलाकात सेक्टर-76 निवासी अभिनव सिंह पुत्र अनिल कुमार से हुई, जो उसी फर्म में काम करता था। अभिनव ने धीरे-धीरे युवती के साथ नजदीकी संबंध विकसित किए और शादी का भरोसा दिलाकर उसका शारीरिक शोषण शुरू कर दिया।
पहले से शादीशुदा, फिर भी शोषण का सिलसिला
परिजनों की तहरीर में खुलासा किया गया है कि अभिनव ने युवती को शादी का लालच देकर न केवल उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, बल्कि इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड की। इन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने का डर दिखाकर वह लगातार शोषण करता रहा। जब युवती ने शादी की बात उठाई, तो अभिनव ने आज-कल का बहाना बनाकर टालता रहा। परिजनों की छानबीन से सच्चाई सामने आई कि अभिनव सिंह की शादी मई 2025 में ही हो चुकी थी। जब परिजनों ने उसे बुलाकर शादी की मांग की, तो आरोपी ने न केवल इंकार कर दिया, बल्कि धमकी देते हुए कहा था "अगर ज्यादा दबाव डाला तो तुम्हारी बेटी की वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दूंगा।" इस धमकी ने युवती को मानसिक रूप से तोड़ दिया। लोक लाज के भय से वह इतना आहत हुई कि उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
परिजन तुरंत युवती को नजदीकी यथार्थ अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदमे में परिजनों ने आरोपी अभिनव को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 376 (बलात्कार), 506 (आपराधिक धमकी) और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का बयान: सख्त कार्रवाई का आश्वासन
थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। "मामले में अश्लील वीडियो का एंगल भी जांच का विषय है। आरोपी के फोन और डिवाइस जब्त कर लिए गए हैं। परिजनों के बयान दर्ज कर साक्ष्य संग्रह किया जा रहा है। दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा," उन्होंने कहा। पुलिस ने युवती के परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।