Pickle Startup 81 Crore Company : कभी-कभी कोई छोटा सा आइडिया ही जिंदगी की दिशा बदल देता है। अमेरिका की दो दोस्तों लेआ मार्कस और यासामन बख्तियार के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। दोनों को अचार काफी पसंद था और साल 2023 में वे सोशल मीडिया पर अचार से जुड़े वीडियो एक-दूसरे को भेजा करती थीं। धीरे-धीरे उन्हें लगा कि अचार को लेकर लोगों में काफी दिलचस्पी है और इसी पसंद को कारोबार में बदला जा सकता है।
अच्छी नौकरी छोड़कर शुरू किया अपना काम
दोनों दोस्तों की मुलाकात पढ़ाई के दौरान हुई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद दोनों अलग-अलग जगह नौकरी करने लगीं, लेकिन अपना कारोबार शुरू करने का सपना उनके मन में था। अचार को लेकर बढ़ती ऑनलाइन चर्चा ने उन्हें मौका दिखाया और दोनों ने अपनी नौकरी छोड़ने का बड़ा फैसला कर लिया। इसके बाद उन्होंने खाने-पीने के कारोबार को समझना शुरू किया और इस क्षेत्र से जुड़े लोगों से सलाह भी ली।
ऐसे बना हॉट गर्ल पिकल्स
दोनों ने अपनी कंपनी का नाम गुड गर्ल स्नैक्स रखा और फरवरी 2024 में अपना पहला अचार बाजार में उतारा। इसका नाम हॉट गर्ल पिकल्स रखा गया। नाम और पैकेजिंग को उन्होंने युवाओं की सोशल मीडिया पसंद के हिसाब से मजेदार और अलग रखा। उनके अचार में अलग-अलग स्वादों के साथ उनकी पारिवारिक और सांस्कृतिक पसंद की झलक भी देखने को मिलती है। शुरुआत में दोनों ने अपने उत्पाद को अपनी वेबसाइट के जरिए बेचना शुरू किया। ग्राहकों की प्रतिक्रिया से उन्हें यह समझने में मदद मिली कि लोगों को क्या पसंद आ रहा है। धीरे-धीरे उनका कारोबार बढ़ा और उनके अचार बड़े अमेरिकी स्टोर तक पहुंच गए। होल फूड्स मार्केट और एरेवॉन जैसे स्टोर में भी उनके उत्पाद बिकने लगे।
81 करोड़ रुपये की कंपनी तक पहुंची कहानी
दो दोस्तों की इस मेहनत को बड़ी कामयाबी तब मिली, जब उनकी कंपनी को 30 लाख डॉलर की शुरुआती फंडिंग मिली। इसके बाद कंपनी की अनुमानित वैल्यू करीब 85 लाख डॉलर यानी लगभग 81 करोड़ रुपये बताई गई। ध्यान देने वाली बात यह है कि 81 करोड़ रुपये दोनों की निजी कमाई नहीं, बल्कि कंपनी की अनुमानित कीमत है। कंपनी ने अपनी कमाई या मुनाफे के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए हैं।
इसे भी पढ़ें : एंजेलिना जोली जैसा दिखने की चाहत, महिला ने करवा डाले 50 ऑपरेशन! तस्वीरें देख हर कोई रह गया हैरान
इस कहानी की सबसे खास बात यही है कि शुरुआत किसी बड़े निवेश या बड़े कारोबारी प्लान से नहीं, बल्कि दो दोस्तों के बीच अचार के वीडियो शेयर करने से हुई। दोनों ने सोशल मीडिया पर दिख रहे एक ट्रेंड को पहचाना, अपनी पसंद को कारोबार में बदला और आज उनका छोटा सा आइडिया करोड़ों की कंपनी तक पहुंच चुका है।