मोदीपुरम। पल्लवपुरम फेस-दो निवासी 42 वर्षीय दीपक की बुधवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। लुधियाना के लिए गेंदे के फूलों की खेप लेकर निकली उनकी पिकअप सरहिंद में फ्लाईओवर उतरते समय सड़क किनारे खड़े ट्रॉले में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दीपक केबिन में बुरी तरह फंस गए।
पंजाब पुलिस ने शिनाख्त के बाद दीपक के भाई सुशील को फोन कर हादसे की सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन सरहिंद के लिए रवाना हो चुके हैं। परिजनों के अनुसार दीपक अपनी पत्नी मोनिका, बेटे देव और बेटी आराध्या के साथ पल्लवपुरम फेस-दो में रहता था। भाई सुशील का परिवार भी साथ ही रहता है। सुशील ने बताया कि दीपक पहले सैलून चलाता था, कुछ समय पहले ही उसने पिकअप चलाना शुरू किया था।
मंगलवार देर रात करीब 12 बजे वह फूलों की लोड लेकर लुधियाना के लिए निकला था। सुबह करीब चार बजे कथित तौर पर उन्हें झपकी आ गई और पिकअप ट्रॉले में जा घुसी। हादसे के बाद पुलिस ने कटर से वाहन का आगे का हिस्सा काटकर करीब एक घंटे की मशक्कत से दीपक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिवार ने बताया कि बेटे की मौत की खबर से घर में मातम पसरा हुआ है।