Bulandshahr News: औरंगाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में पीएसी के एक जवान की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रांसफार्मर से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार जवान को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान खानपुर थाना क्षेत्र के गांव जवासा निवासी प्रशांत जाटव के रूप में हुई है। वह 41वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद में तैनात थे। गुरुवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपनी बाइक से गाजियाबाद से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान औरंगाबाद थाना क्षेत्र में रतनपुर भट्टे के सामने सामने से आ रही ट्रांसफार्मर से लदी पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि प्रशांत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में कोहराम मच गया
प्रशांत की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रशांत अपने कर्तव्य के प्रति बेहद समर्पित थे और छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।