उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक दुखद खबर सामने आई है. यहां कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद एक ही परिवार के चार बच्चों की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिनमें से एक बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई है. बाकी तीन बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है.
क्या है पूरा मामला?
यह घटना बृहस्पतिवार देर रात की है. पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र के निसरा गांव में रहने वाले गुड्डू और जुम्मा के परिवार के कुछ बच्चे गांव की एक दुकान से कोल्ड ड्रिंक खरीदकर लाए थे. यह कोल्ड ड्रिंक जोया (8 साल), हसन (9 साल), अलशिफा (5 साल) और एक अन्य बच्चे ने पीया.
कोल्ड ड्रिंक पीने के थोड़ी ही देर बाद बच्चों को पेट में तेज दर्द हुआ और उल्टी शुरू हो गई. यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए और आनन-फानन में सभी बच्चों को शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया.
इलाज के दौरान जोया की मौत
अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद 8 साल की मासूम जोया की मौत हो गई जबकि अन्य तीन बच्चों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है. बच्ची की मौत से परिवार में मातम छा गया है.
पुलिस को शिकायत नहीं मिली
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि, परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया और न ही पुलिस को कोई लिखित शिकायत दी. कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिवार की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, फिर भी मामले की जांच की जा रही है. अस्पताल में भर्ती तीन बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.