बाहरी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेमनगर-3 के विनय एन्क्लेव में गली में खेल रहे छह वर्षीय बच्चे पर पालतू पिटबुल कुत्ते ने हमला कर बुरी तरीके से घायल कर दिया। पिटबुल बच्चे को लगभग 20 सेकेंड तक काटता और घसीटता रहा। कुत्ता इस कदर हिंसक था कि दो लोग बच्चे को छुड़वाने की कोशिश करते रहे, लेकिन पिटबुल बच्चे पर लगातार हमला करता रहा। इस हमले में बच्चे का एक कान कटकर अलग हो गया और बच्चे के सिर पर भी कई जख्म हो गए। जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बच्चा देवांश गली में खेल रहा था। जैसे ही वह गेंद लेने आगे बढ़ा, मकान के अंदर से पिटबुल तेजी से बाहर निकला और उस पर टूट पड़ा।
सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया
कुत्ता बच्चे को लगातार काटता और घसीटता रहा। महिला और एक व्यक्ति ने मिलकर बच्चे को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन पिटबुल की पकड़ ढीली नहीं हुई। घायल बच्चे को पहले रोहिणी के अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। इलाके में डर का माहौल है। पीड़ित बच्चे के पिता दिनेश के बयान पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 291/125(b) (जो 289/338 IPC से जुड़ा है) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पिटबुल डेढ़ साल पहले आया था
इस बीच, पुलिस ने कुत्ते के मालिक राजेश पाल को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के 20-22 घंटे बाद नगर निगम की टीम कुत्ते को पकड़ने पहुंची। आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों का कहना है कि यह पिटबुल दो बच्चों और दो पशुओं पर भी हमला कर चुका है। पुलिस ने बताया कि पिटबुल को डेढ़ साल पहले उसका बेटा सचिन लेकर आया था, जो इस समय जेल में बंद है।