
भारतीय ज्योतिष में पितृ दोष को एक अत्यंत गंभीर और घातक दोष माना गया है। यह दोष तब उत्पन्न होता है जब पूर्वजों की आत्मा किसी कारणवश अशांत रह जाती है या उनका अंतिम संस्कार विधिपूर्वक नहीं होता, या पितरों के प्रति व्यक्ति अपने कर्तव्यों का पालन नहीं करता। मान्यता है कि पितृ दोष इतना प्रबल होता है कि यह व्यक्ति के जीवन में अचानक दुख, बाधाएं, आर्थिक संकट, संतान संबंधी समस्याएं, वैवाहिक कलह और मानसिक तनाव जैसे कई संकट ला सकता है।
खुशियां निगलने की मान्यता
यह दोष केवल व्यक्तिगत जीवन को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को निगल सकता है। हंसता-खेलता परिवार धीरे-धीरे उदासी और असफलता के साए में डूबने लगता है। कई बार व्यक्ति कड़ी मेहनत के बावजूद सफलता प्राप्त नहीं कर पाता, और जीवन में बार-बार असफलताएं हाथ लगती हैं। यही नहीं, यह दोष कई पीढ़ियों तक असर डाल सकता है, जब तक कि इसका समाधान न किया जाए।
क्या है पहचान ?
पितृ दोष की पहचान कुंडली में विशेष ग्रहों की स्थिति से की जाती है। विशेष रूप से सूर्य, राहु और केतु की युति या स्थिति पितृ दोष की ओर संकेत करती है। इसके अलावा श्राद्ध पक्ष में लगातार बुरे संकेत मिलना, सपनों में पितरों का आना, अचानक धन हानि या रोगों का उभरना भी इसके लक्षण माने जाते हैं।
कैसे पाएं पितृ दोष से मुक्ति?
पितृ दोष से मुक्ति के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान जैसे कर्मकांड विशेष रूप से प्रभावी माने गए हैं। इसके अलावा हर अमावस्या या विशेष रूप से पितृ पक्ष में गयाजी या हरिद्वार जैसे तीर्थ स्थलों पर पितरों का तर्पण करना शुभ माना जाता है। साथ ही "ॐ नमः भगवते वासुदेवाय" मंत्र का जाप, पीपल के पेड़ को जल देना, और जरुरतमंदों को भोजन कराना भी इस दोष से राहत दिला सकता है। जो लोग पूजा-पाठ में रूचि नहीं रखते, वे भी केवल श्राद्ध के दिनों में सच्चे मन से पितरों को स्मरण करें, उनके नाम से कुछ पुण्य कार्य करें — यह भी पितरों की आत्मा को शांति देकर आपके जीवन से दोष को कम कर सकता है। याद रखें, पितृ दोष सिर्फ एक ज्योतिषीय अवधारणा नहीं, बल्कि पूर्वजों के प्रति आपके भाव और कर्मों का प्रतिबिंब भी है। सही समय पर सही उपाय आपको और आपके परिवार को अनेक संकटों से बचा सकता है।