Colombia-Venezuela plague crisis: कोलंबिया और वेनेजुएला की सीमा से लगे नॉर्टे डे सैंटेंडर प्रांत में बुधवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। Satena एयरलाइन का एक व्यावसायिक विमान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद क्रैश हो गया, जिसमें सवार सभी 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह विमान कुकुटा से ओकाना की ओर जा रहा था। टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद विमान में धुआं उठने लगा और उड़ान के दौरान संपर्क टूट गया..
हादसे की पुष्टि
सरकारी सूत्रों और एयरलाइन प्रबंधन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान Beechcraft 1900D मॉडल का था। इसमें 13 यात्री और 2 क्रू मेंबर्स सवार थे। मृतकों में एक मौजूदा सांसद और आगामी चुनावों में भाग ले रहे एक विधायी उम्मीदवार भी शामिल हैं।
उड़ान के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूटा संपर्क
यह विमान नॉर्टे डे सैंटेंडर क्षेत्र के कुकुटा शहर से दोपहर के समय रवाना हुआ था और निर्धारित समय पर ओकाना पहुंचना था। हालांकि, उड़ान के दौरान ही विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से अचानक संपर्क टूट गया।
विमान में सवार सभी की मौत
काफी देर तक कोई संकेत न मिलने पर प्रशासन ने तत्काल खोज और बचाव अभियान शुरू किया। कुछ समय बाद जब विमान का मलबा बरामद हुआ, तो अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। यह उड़ान Satena Flight 8895 के नाम से संचालित की जा रही थी।
हादसे में सांसद और चुनावी उम्मीदवार की भी गई जान
इस भीषण दुर्घटना में कोलंबिया की चैंबर ऑफ डेप्युटीज के सदस्य डियोजेनेस क्विंटेरो और चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो की भी मौत हो गई। दोनों अपने-अपने राजनीतिक दलों के सदस्यों के साथ यात्रा कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही देश के राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय विधायक विलमर कैरिलो ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए जनता से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शुरुआती राहत और बचाव अभियान अब शवों को बाहर निकालने और उनकी पहचान करने की प्रक्रिया में बदल चुका है।