पाकिस्तान के कराची में रहने वाली एक महिला ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भावुक अपील की है। महिला का कहना है कि उसके पति, जो इस वक्त इंदौर में रह रहे हैं, दिल्ली की एक युवती से दूसरी शादी करने जा रहे हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसे शादी के बाद भारत लाकर कुछ समय साथ रखा और फिर वापस पाकिस्तान भेज दिया। अब वह अपने पति के पास लौटने की आस लगाए बैठी है, लेकिन दूसरी शादी की खबर ने उसे तोड़ दिया। महिला ने पीएम मोदी से गुहार लगाई है कि भारत में महिलाओं को इज्जत दी जाती है और वह सिर्फ न्याय चाहती है। उसने यह भी कहा कि अगर उसे भारत आने की इजाजत मिले तो वह कानूनी लड़ाई के लिए तैयार है।
पति की सगाई से टूटी उम्मीदें
निकिता नाम की महिला ने बताया कि उसने विक्रम नागदेव से पाकिस्तान में हिन्दू रीति-रिवाज से शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद विक्रम उसे भारत लेकर आए, लेकिन कुछ ही महीनों में उसे कराची वापस भेज दिया। अब महिला को पता चला कि विक्रम ने दिल्ली की एक युवती से सगाई कर ली है और जल्द ही शादी करने वाले हैं।
पंचायत और कलेक्टर से भी की शिकायत
महिला ने न सिर्फ पीएम मोदी से अपील की है, बल्कि इंदौर की सिंधी पंचायत से भी न्याय की मांग की है। पंचायत ने शिकायत के आधार पर इंदौर कलेक्टर को पत्र लिखा है और युवक को पाकिस्तान भेजने की सिफारिश की है।
अवैध संपत्ति का भी आरोप
सिंधी पंचायत के अध्यक्ष किशोर कोडवानी का कहना है कि विक्रम नागदेव ने भारत में लंबे समय से रहकर नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध संपत्ति भी अर्जित की है। पंचायत ने दोनों पक्षों को सुनकर कानूनी जांच की सिफारिश की है।
कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश
इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि सिंधी पंचायत द्वारा भेजी गई शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने मामले की जांच ADM को सौंप दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।