
PM Kisan 20th installment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे देश के करीब 9 करोड़ किसानों के लिए राहत की खबर आ सकती है। सरकार अब तक इस योजना के तहत 19 किस्तें जारी कर चुकी है, जिसमें हर किस्त में किसानों को 2000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। पिछली यानी 19वीं किस्त फरवरी में भेजी गई थी, और अब 20वीं किस्त को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि इस बार अगस्त के पहले हफ्ते में किस्त जारी हो सकती है।
2 अगस्त को आ सकती है किस्त
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीएम किसान योजना की अगली किस्त 2 अगस्त को जारी की जा सकती है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक बड़े कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं, जहां वह राज्य को 1,000 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। संभावना जताई जा रही है कि इसी मौके पर पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त भी किसानों के खातों में ट्रांसफर की जा सकती है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रक्षाबंधन से पहले खुशखबरी मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ेंःRahul Gandhi Statement: राहुल गांधी का बड़ा बयान: कांग्रेस से हुई गलती, ओबीसी वर्ग की अनदेखी स्वीकार
सिर्फ पात्र किसानों को मिलेगा लाभ
यह जरूरी है कि जिन किसानों ने पीएम किसान योजना के तहत अपनी ई-केवाईसी और भू-अधिकार सत्यापन पूरा कर लिया है, केवल उन्हीं को इस बार की 20वीं किस्त का लाभ मिलेगा। अगर किसी किसान ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है या उनके दस्तावेज अधूरे हैं, तो उनकी किस्त रोकी जा सकती है। ऐसे में जिन किसानों ने अब तक यह काम नहीं किया है, उन्हें जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए ताकि किस्त मिलने में कोई रुकावट न हो।