
अगर आप प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी हैं, तो ये खबर आपके लिए खास है. सरकार अब तक इस योजना के तहत किसानों को 19 किस्तें दे चुकी है. हर चार महीने में ₹2000 रुपये सीधे किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं. पिछली यानी 19वीं किस्त फरवरी 2025 में दी गई थी. अब किसानों को 20वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है. आइए जानते हैं कि अगली किस्त कब तक आ सकती है और किन किसानों को फायदा मिलेगा।
2000 रुपये की 20वीं किस्त कब आएगी?
देश के 9 करोड़ से ज्यादा किसान अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं. हालांकि जुलाई खत्म होने वाला है, लेकिन अभी तक सरकार ने कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है. मगर मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि 2 अगस्त 2025 को यह किस्त जारी हो सकती है.
2 अगस्त को किस्त जारी कर सकते हैं पीएम मोदी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में एक बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे हैं, जहां 1,000 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा. माना जा रहा है कि इसी दिन PM किसान योजना की 20वीं किस्त भी जारी की जा सकती है. हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पिछली किस्तों के अनुभव को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि इस दिन पैसे आ सकते हैं.
किन्हें मिलेगा पैसा?
सिर्फ उन्हीं किसानों को 20वीं किस्त मिलेगी, जिन्होंने नीचे दिए गए काम पूरे कर लिए हैं-
ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी होनी चाहिए
भू-सत्यापन (Land verification) होना चाहिए
बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए
डीबीटी (Direct Benefit Transfer) की सुविधा चालू होनी चाहिए
अगर ये सब काम पूरे हैं, तो आपके खाते में ₹2000 रुपये आ सकते हैं, वरना किस्त रुक भी सकती है.
किस्त क्यों अटक सकती है?
अगर आपने ये जरूरी काम नहीं किए हैं, तो आपकी किस्त रुक सकती है:
ई-केवाईसी अधूरी है
भू-सत्यापन नहीं हुआ है
बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है
डीबीटी सुविधा चालू नहीं है
सरकार की ओर से पैसा सीधे बैंक खाते में भेजा जाता है, इसलिए सभी दस्तावेज और सुविधाएं अपडेट रहनी चाहिए.
PM किसान योजना क्या है?
यह योजना 2019 में शुरू हुई थी. इसमें हर पात्र किसान को साल में तीन बार ₹2000 रुपये मिलते हैं. यानी सालभर में कुल ₹6000 रुपये सीधे बैंक खाते में भेजे जाते हैं.
कैसे चेक करें अपना नाम या स्टेटस?
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका नाम लाभार्थियों की सूची में है या नहीं, तो:
1. वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जाएं
2. "Know Your Status" सेक्शन पर क्लिक करें
3. अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या आधार नंबर डालें
4. अपना स्टेटस चेक करें
किस्त में देरी क्यों हो रही है?
हर चार महीने में एक किस्त आती है. पिछली किस्त फरवरी में आई थी, तो अगली किस्त जून में आने की उम्मीद थी. लेकिन जुलाई खत्म हो रहा है और अब तक पैसा नहीं आया है. इसलिए अब सभी की निगाहें 2 अगस्त की संभावित तारीख पर टिकी हैं. जब तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं होती, किसान PM किसान योजना की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें. साथ ही अगर आपने अब तक ई-केवाईसी, भू-सत्यापन या आधार लिंकिंग नहीं की है, तो तुरंत ये काम करा लें, ताकि 20वीं किस्त का पैसा समय पर मिल सके.