
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अगस्त को वाराणसी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 20वीं किस्त जारी की है. इस बार करीब 9.7 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 2,000 -2,000 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं. लेकिन इसी के साथ सरकार ने एक अहम नोटिफिकेशन भी जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि कुछ किसानों को ये पैसा अब वापस करना होगा क्योंकि वो इस योजना के पात्र नहीं हैं.
क्या है पीएम किसान योजना?
पीएम किसान योजना की शुरुआत साल 2019 में हुई थी. इसके तहत केंद्र सरकार पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये देती है. यह राशि साल में तीन बार 2,000 रुपए की किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है. अब तक 19 किश्तों में करीब 3.69 लाख करोड़ रुपये किसानों को मिल चुके हैं.
किन किसानों को पैसे वापस करने होंगे?
सरकार की ओर से साफ कहा गया है कि जो किसान इस योजना के नियमों के अनुसार पात्र नहीं हैं उन्हें तुरंत पैसे लौटाने होंगे. अगर उन्होंने राशि का लाभ लिया है और अब भी नहीं लौटाया तो उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है. इन किसानों को नहीं मिलेगा लाभ -
1. इनकम टैक्स भरने वाले किसान
जो किसान या उनके परिवार के सदस्य आयकर (इनकम टैक्स) भरते हैं, वे इस योजना के हकदार नहीं हैं.
2. पेंशन लेने वाले लोग
जिनके परिवार में कोई व्यक्ति 10,000 रुपए या उससे अधिक पेंशन पाता है, वो इस योजना का लाभ नहीं ले सकते.
3. सरकारी खेत/ट्रस्ट/सहकारी खेत वाले
जिनके पास सरकारी, ट्रस्ट या सहकारी जमीनें हैं और वो उन पर खेती कर रहे हैं, वो पात्र नहीं हैं.
4. संवैधानिक पद पर बैठे लोग
वर्तमान या पूर्व में कोई संवैधानिक पद पर रहे लोग जैसे राष्ट्रपति, राज्यपाल, सांसद, विधायक योजना से बाहर हैं.
5. नगर निगम/जिला पंचायत से जुड़े लोग
मौजूदा या पूर्व में नगर निगम के मेयर या जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके लोग भी लाभ नहीं ले सकते.
6. डॉक्टर, वकील, इंजीनियर जैसे पेशेवर
ऐसे किसान जो इन पेशों से जुड़े हैं, उन्हें भी पैसे लौटाने होंगे.
पैसे कैसे लौटाएं?
अगर आप इस योजना के अपात्र हैं और स्वेच्छा से पैसे लौटाना चाहते हैं, तो आप ऑनलाइन माध्यम से ऐसा कर सकते हैं:
1. PM-KISAN की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जाएं.
2. वहां पर "Voluntary Surrender of PM Kisan Benefits" का विकल्प मिलेगा, उस पर क्लिक करें.
3. अब अपना रजिस्ट्रेशन नंबर भरें.
4. उसके बाद आप स्वयं को योजना से बाहर कर सकते हैं और राशि वापस कर सकते हैं.
क्यों जरूरी है ये कदम?
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य केवल गरीब और असली किसानों की मदद करना है. इसलिए जो लोग पात्र नहीं हैं वो योजना का लाभ लेकर सरकारी पैसे का दुरुपयोग कर रहे हैं. सरकार अब ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करने जा रही है.
लाखों किसानों को मिला फायदा, लेकिन गड़बड़ी पर रोक जरूरी
दिल्ली से लेकर बिहार तक और गांव से शहर तक, इस योजना ने लाखों किसानों को राहत दी है. लेकिन गलत तरीके से योजना का लाभ उठाने वालों को अब सतर्क हो जाना चाहिए. अगर आप पात्र नहीं हैं, तो स्वेच्छा से पैसा लौटाकर कानूनी कार्रवाई से बच सकते हैं.
अगर आपने गलती से या जानकारी के अभाव में पीएम किसान योजना का लाभ लिया है और आप नियमों के अनुसार पात्र नहीं हैं, तो जल्द से जल्द पैसे वापस करें. सरकार ने इसके लिए सरल प्रक्रिया भी तय की है ताकि आप स्वयं राशि लौटा सकें और किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बच सकें.