देशभर के करोड़ों किसान इन दिनों पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पहले माना जा रहा था कि होली के आसपास किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए जाएंगे, लेकिन त्योहार बीत जाने के बाद भी यह राशि अभी तक जारी नहीं हुई है। ऐसे में अब किसानों की नजर सरकार की अगली घोषणा पर टिकी हुई है और नई तारीख को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अगले हफ्ते मिल सकती है राहत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्र सरकार जल्द ही किसानों को राहत दे सकती है। संभावना जताई जा रही है कि अगले हफ्ते के अंत तक पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जारी की जा सकती है। अगर यह घोषणा होती है तो करोड़ों किसानों के बैंक खातों में सीधे 2,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे, जिससे किसानों को खेती से जुड़े खर्चों में कुछ राहत मिल सकती है।
साल में तीन बार मिलती है आर्थिक मदद
केंद्र सरकार इस योजना के तहत किसानों को हर साल कुल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। यह रकम एक साथ नहीं बल्कि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है। यानी हर चार महीने के अंतराल पर किसानों को 2,000 रुपये मिलते हैं। यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजा जाता है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है और बिचौलियों की भूमिका खत्म हो जाती है।
ये भी पढ़ें : पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह से मची हलचल, तेल कंपनियों ने साफ किया देश में भरपूर स्टॉक
13 मार्च को हो सकता है बड़ा ऐलान
रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि 13 मार्च को प्रधानमंत्री का असम के कोकराझार दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान कई विकास परियोजनाओं की घोषणा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इसी कार्यक्रम के दौरान पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जारी करने का ऐलान भी किया जा सकता है, हालांकि सरकार की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ऑनलाइन ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
किसान चाहें तो किस्त आने से पहले अपनी भुगतान स्थिति ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसके लिए पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर ‘Know Your Status’ विकल्प पर क्लिक करना होता है। इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करना होता है और मोबाइल पर आए OTP को भरते ही पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देने लगती है। इसके अलावा किसान वेबसाइट के डैशबोर्ड में जाकर राज्य, जिला, उप-जिला और पंचायत की जानकारी भरकर लाभार्थी सूची में भी अपना नाम देख सकते हैं।
गौरतलब है कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी। तब से अब तक देश के करोड़ों किसानों को इस योजना का लाभ मिल चुका है और हर साल उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।