प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना से जुड़े करोड़ों किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, योजना की 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की जाएगी। इस किस्त का लाभ देशभर के पात्र किसानों को मिलेगा।
20 जून को मिलेगा पैसा
सरकार की ओर से बताया गया है कि 20 जून को किसानों के बैंक खातों में किस्त की राशि भेजी जाएगी। पीएम किसान योजना के तहत किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है। इसी क्रम में अब 23वीं किस्त जारी होने जा रही है, जिसका लाखों किसान बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
22 किस्तें पहले हो चुकी जारी
इस योजना के तहत अब तक कुल 22 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। पिछली यानी 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को जारी की गई थी। उस समय करीब 9 करोड़ से ज्यादा पात्र किसानों के खातों में राशि भेजी गई थी। सरकार का दावा है कि इस योजना ने किसानों को आर्थिक सहायता देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और इसका लाभ लगातार बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें : Uttarakhand में लागू हुआ नया कानून, हर परिवार को मिलेगी यूनिक ID, फर्जीवाड़ा करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पिछली बार गुवाहाटी से हुई घोषणा
23वीं किस्त को लेकर एक और सवाल किसानों के मन में है कि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किस शहर से राशि जारी करेंगे। इससे पहले 22वीं किस्त असम के गुवाहाटी से जारी की गई थी। उस दौरान प्रधानमंत्री ने एक बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया था और किसानों को संबोधित भी किया था। हर किस्त जारी होने के मौके पर पीएम मोदी किसानों से संवाद करते हैं।
पश्चिम बंगाल को लेकर चर्चा
फिलहाल सरकार की ओर से यह साफ नहीं किया गया है कि 23वीं किस्त किस स्थान से जारी होगी। हालांकि कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी इस बार पश्चिम बंगाल से किस्त जारी कर सकते हैं। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी इसको लेकर चर्चा तेज है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जल्द हो सकता है ऐलान
सूत्रों के मुताबिक अगले एक-दो दिनों में इस कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है। प्रधानमंत्री कार्यालय या संबंधित मंत्रालय जल्द ही आधिकारिक जानकारी जारी कर सकता है। तब तक किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे अपनी ई-केवाईसी, आधार लिंकिंग और बैंक खाते की जानकारी सही रखें। ताकि 20 जून को किस्त की राशि उनके खाते में बिना किसी परेशानी के पहुंच सके। अब करोड़ों किसानों की नजर सरकार की अगली घोषणा पर टिकी हुई है।