देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 23वीं किस्त जारी कर दी है। इसके साथ ही पात्र किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए 2,000-2,000 रुपये की राशि भेजी जानी शुरू हो गई है।
9.44 करोड़ किसानों को मिला 18,880 करोड़ रुपये का लाभ
सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में करीब 18,880 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। इस किस्त के जारी होने के बाद योजना की शुरुआत से अब तक किसानों को दी गई कुल आर्थिक सहायता 4.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है।
हर साल मिलते हैं 6 हजार रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह रकम तीन समान किस्तों में दी जाती है और प्रत्येक चार महीने के अंतराल पर किसानों के खातों में 2,000 रुपये सीधे भेजे जाते हैं। इस योजना का उद्देश्य किसानों की आर्थिक जरूरतों में सहयोग देना और उनकी आय को सहारा देना है।
ये भी पढ़ें : NEET छात्रों के लिए Railway का बड़ा तोहफा, परीक्षा से पहले इन तीन रूटों पर दौड़ेंगी छह स्पेशल ट्रेनें
बंगाल के लाखों किसानों को भी मिला फायदा
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का आयोजन पश्चिम बंगाल में किया गया, जहां राज्य के किसानों को भी इस योजना का बड़ा लाभ मिला। सरकारी आंकड़ों के अनुसार पश्चिम बंगाल के 45 लाख से अधिक किसानों के खातों में 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई है।
ऐसे चेक करें खाते में आया पैसा या नहीं
जिन किसानों ने e-KYC, आधार सीडिंग और बैंक खाते से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं, उनके खातों में किस्त की राशि पहुंचनी शुरू हो चुकी है। किसान पीएम किसान पोर्टल पर जाकर अपने बेनिफिशियरी स्टेटस की जांच कर सकते हैं। इसके अलावा बैंक मैसेज या पासबुक अपडेट कराकर भी खाते में पैसे आने की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।