
किसानों के लिए सरकार की तरफ से एक बड़ी राहत की खबर आई है. जो किसान पहले से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना का लाभ ले रहे हैं, अब वो बिना किसी अतिरिक्त कागजी प्रक्रिया के प्रधानमंत्री किसान मानधन पेंशन योजना का भी फायदा उठा सकते हैं. इस योजना के तहत किसानों को बुढ़ापे में हर महीने 3,000 रुपए की पेंशन यानी पूरे साल में 36,000 रुपए की गारंटीशुदा आय मिलेगी. खास बात यह है कि इसके लिए किसानों को अपनी जेब से कोई पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा. जो मासिक योगदान जरूरी है, वह सीधे PM-Kisan योजना की राशि से कट जाएगा.
कौन ले सकता है लाभ?
इस पेंशन योजना में वही किसान शामिल हो सकते हैं जिनकी उम्र 18 से 40 साल के बीच है. एक बार रजिस्ट्रेशन कराने के बाद जब किसान की उम्र 60 साल पूरी हो जाएगी, तो हर महीने 3,000 रुपए सीधे उसके बैंक खाते में आने लगेंगे. यह पेंशन जिंदगीभर मिलती रहेगी. सरकार किसानों को एक पेंशन आईडी नंबर भी देगी, जो भविष्य में उनकी पहचान के काम आएगा.
ये भी पढ़ें : ट्रेन से लापता Archana Tiwari आखिरकार मिल गईं, नेपाल बॉर्डर से बरामद, आखिर मामला क्या है?
रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया
इस योजना का रजिस्ट्रेशन बेहद आसान है. किसान को सिर्फ नजदीकी जन सेवा केंद्र (CSC) पर जाना होगा. वहां उसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक, ज़मीन के दस्तावेज और एक पासपोर्ट साइज फोटो देना होगा. CSC ऑपरेटर इन दस्तावेजों के आधार पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करता है और साथ ही एक ऑटो-डेबिट फॉर्म भी भरवाया जाता है, ताकि मासिक योगदान सीधे किसान के बैंक खाते से कटता रहे. अगर किसान पहले से पीएम किसान योजना का लाभ ले रहा है, तो यह राशि सीधे उसी से कट जाएगी.
कैसे कटेगा योगदान?
मान लीजिए कोई किसान 40 साल की उम्र में योजना से जुड़ता है. उसे हर महीने अधिकतम 200 रुपए का योगदान करना होगा. सालभर में यह रकम 2,400 रुपए हो जाती है. यह पैसा सीधे पीएम किसान योजना से मिलने वाले 6,000 रुपए में से कट जाएगा. बाकी की राशि किसान को पहले की तरह उसके खाते में मिलती रहेगी. यानी किसान को बिना जेब से कोई पैसा खर्च किए दोहरा फायदा मिलेगा. एक तरफ 36,000 रुपए पेंशन और दूसरी तरफ पीएम किसान योजना की सीधी सहायता.
किसानों के लिए दोहरा लाभ
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि किसानों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा मिलेगी. खेती की आमदनी पर निर्भर रहने वाले किसान पेंशन से अपनी बुनियादी ज़रूरतें पूरी कर पाएंगे. सरकार की यह पहल किसानों को न केवल आर्थिक सहारा देगी बल्कि उन्हें बुढ़ापे में आत्मनिर्भर भी बनाएगी. यह योजना किसानों के लिए बहुत ही लाभकारी है क्योंकि इसमें पेंशन पाने के लिए अलग से पैसे जमा नहीं करने पड़ते और बिना झंझट के भविष्य सुरक्षित हो जाता है.