PM Kisan Yojna:प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 20वीं किस्त का देशभर के किसान बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच संसद के मानसून सत्र के दौरान दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने केंद्र सरकार से इस योजना की प्रगति और लाभार्थियों से जुड़ा सवाल पूछा. जवाब में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि अब तक देशभर में 19 किस्तों के जरिए 3.69 लाख करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है.
दिल्ली में 2 लाख से ज्यादा किसानों को मिला लाभ
कृषि मंत्री ने बताया कि दिल्ली में अब तक 2.12 लाख से अधिक किसानों को इस योजना से लाभ मिला है. साल 2019 से लेकर 2025 तक कुल 17 किश्तों में दिल्ली के किसानों को लगभग 48.79 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है. शुरुआती दो किस्तों का लाभ दिल्ली के किसानों को नहीं मिल पाया था। आखिरी यानी 19वीं किस्त 24 फरवरी 2025 को किसानों को जारी की गई थी. अब 20वीं किस्त का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है.
यह भी पढ़ेंःUP SIMI and PFI: यूपी में अवैध धर्मांतरण की जांच में सिमी-पीएफआई का कनेक्शन, अलीगढ़ से जुड़े अहम सुराग
सत्यापन और आधार लिंकिंग के बाद जारी होगी 20वीं किस्त
कृषि मंत्रालय के अनुसार, 20वीं किस्त को जारी करने से पहले लाभार्थियों के डाटा का सत्यापन और आधार कार्ड से लिंकिंग की प्रक्रिया जरूरी है. जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी, अगली किश्त किसानों के खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी. सरकार ने योजना को पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा है ताकि किसानों को किसी बिचौलिए या दफ्तर के चक्कर न काटने पड़ें. PM-KISAN पोर्टल, मोबाइल ऐप और CSC केंद्र के जरिए सुविधाएं उपलब्ध हैं.