प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। लगभग 4,750 करोड़ रुपये की लागत से बने इस आधुनिक हवाई अड्डे को राज्य के लिए बड़ी विकास परियोजना माना जा रहा है। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, राज्यपाल जस्टिस एस. अब्दुल नजीर, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और कई केंद्रीय व राज्य मंत्री मौजूद रहे।
आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने चेक-इन हॉल, एयरपोर्ट के मास्टर प्लान, आधुनिक तकनीकों और एविएशन एजुकेशन मॉडल की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अराकू कॉफी कियोस्क का भी दौरा किया और स्थानीय कॉफी का स्वाद चखा।
खुली जीप में पहुंचे जनसभा स्थल
टर्मिनल के निरीक्षण के बाद प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के साथ खुली जीप में जनसभा स्थल के लिए रवाना हुए। रास्ते में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनका स्वागत किया, जबकि आदिवासी महिलाओं ने पारंपरिक थिम्सा नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग दिया।
ये भी पढ़ें : Rishikesh Glass Bridge: ऋषिकेश के कांच वाले पुल पर जाना है? जानिए टिकट का किराया, टाइमिंग और सुरक्षा के नियम
17,900 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री ने इस दौरे के दौरान राज्य को 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य आंध्र प्रदेश में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को नई गति देना है।
नए आंध्र प्रदेश के लिए ऐतिहासिक कदम
राज्य विभाजन के बाद यह आंध्र प्रदेश का पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। इसे उत्तर आंध्र क्षेत्र में पर्यटन, उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट माना जा रहा है। सरकार का कहना है कि यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई उड़ान
अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के शुरू होने से उत्तर आंध्र प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।