मेरठ की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एआई ग्लोबल समिट के दौरान हुए कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट पर तीखा हमला बोला। मेरठ मेट्रो और नमो भारत को हरी झंडी दिखाने के बाद आयोजित रैली में उन्होंने कांग्रेस पर “नंगी राजनीति” करने का आरोप लगाया। पीएम ने कहा कि यह आयोजन देश की प्रतिष्ठा से जुड़ा था, लेकिन कांग्रेस ने इसे राजनीतिक मंच में बदलने की कोशिश की।
एआई समिट पर गरजे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में आयोजित एआई ग्लोबल समिट विकासशील देशों के लिए ऐतिहासिक अवसर था। दुनिया के कई देशों से आए प्रतिनिधियों की मौजूदगी में भारत ने तकनीकी नेतृत्व का संदेश दिया। लेकिन कांग्रेस नेताओं ने शर्टलेस प्रदर्शन कर इस आयोजन की गरिमा को ठेस पहुंचाई।
‘देश पहले से जानता है…’ बयान पर सियासी हलचल
रैली के दौरान पीएम ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि देश पहले से जानता है कि वे वैचारिक रूप से दरिद्र हो चुके हैं, फिर इस तरह के प्रदर्शन की क्या जरूरत थी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
‘देश का कार्यक्रम, किसी पार्टी का नहीं’
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि एआई समिट किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं था। यह भारत की वैश्विक छवि और भविष्य की तकनीकी दिशा से जुड़ा आयोजन था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कम से कम देश के सम्मान का ध्यान रखना चाहिए था।
साथी दलों पर भी असर का दावा
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि संसद से लेकर सड़क तक कांग्रेस की रणनीति का नुकसान उसके सहयोगी दलों को भी उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से विपक्षी एकजुटता पर भी असर पड़ रहा है।