प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भोपाल दौरा अब केवल दो दिन दूर है, लेकिन राजधानी में बिगड़े मौसम ने कार्यक्रम की तैयारियों पर ब्रेक लगा दिया है। 31 मई को होने वाले महिला सम्मेलन के आयोजन स्थल जंबूरी मैदान में तेज आंधी और बारिश के कारण टेंट उखड़ गए हैं, एक मुख्य गेट गिर चुका है और मैदान में पानी भर गया है। आयोजन की ज़िम्मेदारी महिलाओं को सौंपी गई है, लेकिन खराब मौसम ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इस आयोजन को सफल बनाना अब अधिकारियों के लिए चुनौती बन गया है। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की भी सक्रियता बढ़ गई है और हर छोटी-बड़ी व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
पीएम मोदी का "ऑपरेशन सिंदूर" के बाद पहला भोपाल दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल आ रहे हैं। यह दौरा "ऑपरेशन सिंदूर" के बाद उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम होगा, जिसमें वे महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में लगभग दो लाख महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है, और इसकी जिम्मेदारी महिला कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है।
आंधी-बारिश से कार्यक्रम स्थल
पर भारी नुकसान
भोपाल में बीते दो दिनों से मौसम ने कहर ढाया है। तेज आंधी और बारिश से जंबूरी मैदान में लगाए गए टेंट टूट गए हैं और एक मुख्य प्रवेश द्वार गिर गया है। मैदान में जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है, जिससे कार्यक्रम की तैयारियों को गंभीर झटका लगा है।
सुरक्षा
एजेंसियों ने संभाली कमान,
नई ड्यूटी सूची जारी
मौसम के चलते कार्यक्रम को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। एसपीजी ने अब सारी व्यवस्थाएं अपने नियंत्रण में ले ली हैं। जिला प्रशासन ने पार्किंग, यातायात और व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए 17 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। अलग-अलग विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें चल रही हैं।