
बिहार में विधानसभा चुनावों की रणभेरी बज चुकी है. सभी पार्टियां मतदाताओं का मन मोहने को भरकस प्रयास कर रही हैं. वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बिहार के दौरे पर हैं. शुक्रवार को पीएम मोदी ने समस्तीपुर में एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने महागठबंधन से लेकर आरजेडी तक को लेकर जमकर निशाना साधा.
एक बार फिर NDA और सुशासन की सरकार
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक बार फिर बिहार में एनडीए और सुशासन की सरकार बनेगी. इस बार एनडीए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जीत के अपने पिछले सभी रिकॉर्डों को तोड़कर रख देगा. इस बार बिहार एनडीए को अब तक का सबसे बड़ा जनादेश देगा. पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व का बिगुल बज चुका है और पूरा बिहार कह रहा है. फिर एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार, जंगलराज वालों को दूर रखेगा बिहार.
आप लोगों को लालटेन चाहिए क्या?- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि 2024 से पहले राजद ने कांग्रेस को धमकाकर बिहार का विकास रोक दिया था. हमने कांग्रेस से 3 गुना पैसा बिहार को दिया है. आज बिहार में ऐसा कोई कोना नहीं होगा, जहां पर विकास नहीं हो रहा हो. इसके साथ ही पीएम मोदी ने जनसभा में मौजूद लोगों से मोबाइल की लाइट जलवाकर कहा कि जब बिहार में इतनी लाइट है, तो लोगों को लालटेन चाहिए क्या? यहां के लोगों को लालटेन की कोई जरूरत नहीं है.
जीएसटी बचत का लोग उठा रहे आनंद- पीएम
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय आप लोग जीएसटी बचत उत्सव का भी खूब आनंद उठा रहे हैं. छठी मईया का महापर्व भी कल से शुरू होने जा रहा है. ऐसे व्यस्त समय में भी आप लोग समय निकालकर इतनी विशाल संख्या में यहां पर आए हैं. समस्तीपुर का जो ये माहौल है, मिथिला का जो मूड है उसने पक्का कर दिया है कि नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर से एनडीए सरकार आएगी.
"कर्पूरी ठाकुर जी को श्रद्धापूर्वक नमन करने का मिला मौका"
पीएम ने कहा कि आज का दिन मेरे जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है. यहां आने से पहले मैं कर्पूरी ग्राम में गया था, वहां मुझे भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को श्रद्धापूर्वक उन्हें नमन करने का अवसर मिला. ये उनका ही आशीर्वाद है कि आज हम जैसे पिछड़े और गरीब परिवारों से निकले लोग इस मंच पर खड़े हो सके हैं. उन्होंने कहा कि वो मां भारती के अनमोल रत्न थे. उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने का सौभाग्य हमारी सरकार को प्राप्त हुआ. ये हमारे लिए बड़े ही सम्मान की बात है. भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को हमारी सरकार प्रेरणापुंज मानती है. वंचितों को वरीयता, पिछड़ों को प्राथमिकता, गरीब की सेवा हम इसी संकल्प के साथ आगे बढ़े हैं.
आरजेडी-कांग्रेस पर बोला जमकर हमला
इसके साथ ही पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गरीबों, दलितों, महादलितों, पिछड़ों, अतिपिछड़ों के हितों को हमने प्राथमिकता दी है. सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का महत्वपूर्ण निर्णय हमारी सरकार द्वारा लिया गया. बीजेपी एनडीए ने ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के आरक्षण को भी 10 साल के लिए और आगे बढ़ाया. उन्होंने कहा कि हम जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रेरणा से सुशासन को समृद्धि में बदल रहे हैं लेकिन दूसरी तरफ आरजेडी और कांग्रेस वाले क्या कर रहे हैं और क्या कह रहे हैं ये आपको मुझसे ज्यादा पता होगा, मुझे आपको याद दिलाने की जरूरत नहीं है. ये हजारों करोड़ रुपए के घोटालों में जमानत पर चल रहे लोग हैं और जो जमानत पर हैं वो चोरी के मामले में जमानत पर बाहर आए हैं. इनकी चोरी की आदत ऐसी है कि अब जननायक की उपाधि की चोरी करने में जुट गए हैं. बिहार के लोग जननायक कर्पूरी बाबू का ये अपमान कभी नहीं सहेंगे.
इसे भी पढ़ें : PM Modi की अपील का दिखा असर, महिला ने गाया छठ गीत में ‘मोदी भैया’ का जिक्र, सोशल मीडिया पर वायरल, देखें वीडियो
"आरजेडी के जंगलराज ने कई पीढ़ियों को बर्बाद किया"
पीएम मोदी ने कहा कि अपने-अपने परिवारों के राजनीतिक भविष्य की ही आरजेडी और कांग्रेस को चिंता है. इसलिए आज वो बिहार के नौजवानों के सामने झूठ के नए रिकॉर्ड कायम कर रहे हैं. आरजेडी और कांग्रेस का विकास से छत्तीस का आंकड़ा रहा है. जहां आरजेडी जैसा दल हो वहां पर कानून व्यवस्था हो ही नहीं सकती है. आरजेडी के शासन में यहां रंगदारी, हत्या, फिरौती, अपहरण… एक उद्योग के रूप में फले-फूले हैं. आरजेडी के जंगलराज ने बिहार की कई पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया.