बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्तीपुर से की। एनडीए के पक्ष में वोट की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार अब लालटेन और जंगलराज के अंधकार से निकल चुका है। मोदी ने कहा कि आज जब हर हाथ में मोबाइल की लाइट और इंटरनेट की पहुंच है, तो फिर लालटेन की कोई जरूरत नहीं। उन्होंने इस रैली को “नई रफ्तार वाला बिहार” अभियान की शुरुआत बताया।
“जब इतनी लाइटें हैं तो लालटेन की क्या जरूरत?”
पीएम मोदी ने सभा में मौजूद लोगों से मोबाइल की लाइट जलाने को कहा। जब हजारों रोशनी एक साथ चमकीं तो उन्होंने कहा— “अब बिहार को लालटेन की जरूरत नहीं।” उन्होंने कहा कि आज देश में सबसे सस्ता इंटरनेट उपलब्ध है और बिहार के युवा इसका इस्तेमाल कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। मिथिला का यह इलाका मछलीपालन, खेती और पशुपालन के लिए जाना जाता है और अब यहां से दूसरे राज्यों को मछली भेजी जाती है।
जंगलराज से सुशासन तक का सफर
पीएम मोदी ने कहा कि अक्टूबर 2005 में बिहार ने जंगलराज से मुक्ति पाई थी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की शुरुआत हुई थी। राजद और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने बिहार के विकास को रोका और जनता से बदला लिया। उन्होंने कहा कि बिहार का हर कोना आज विकास की कहानी कह रहा है, जो एनडीए की नीति और नीयत का परिणाम है।
“कर्पूरी ठाकुर हमारे प्रेरणापुंज”
मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार गरीब, दलित, पिछड़े और अति पिछड़ों के कल्याण के लिए समर्पित है। जननायक कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा से प्रेरणा लेकर सरकार ने हर गरीब तक पक्का घर, मुफ्त इलाज, नल-जल और शौचालय जैसी योजनाएं पहुंचाई हैं। उन्होंने कहा कि बिहार विकास के नए अध्याय की शुरुआत कर चुका है और अब इसे कोई रोक नहीं सकता।