PM Modi Meeting ---प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बीजेपी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ करीब सवा चार घंटे बैठक की। इस दौरान उन्होंने पार्टी की नई टीम के सभी पदाधिकारियों से व्यक्तिगत बातचीत की और संगठन में अपने पुराने अनुभव साझा किए। बैठक में संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर काम बढ़ाने, युवाओं से जुड़ाव और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने पदाधिकारियों की बातें भी सुनीं और उन्हें नई सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
एक-एक पदाधिकारी से की बातचीत
बीजेपी की नई टीम के साथ हुई बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने हॉल में मौजूद करीब 65 पदाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने सभी का परिचय लिया और उनके काम तथा अनुभव के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान पीएम मोदी ने संगठन मंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल से जुड़े अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि उस समय संगठन के सामने किस तरह की चुनौतियां थीं और उनसे निपटने के लिए किस तरह काम किया गया।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
बैठक में प्रधानमंत्री ने पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ संपर्क बढ़ाने की सलाह दी। पीएम मोदी ने नई सोच को बढ़ावा देने और जनता से बेहतर जुड़ाव बनाने की जरूरत बताई। बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात के साथ संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
युवाओं तक पहुंच बढ़ाने की तैयारी
बैठक में युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई टीम से युवाओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने की बात कही। इसके लिए ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को प्राथमिकता देने की जानकारी सामने आई है। पार्टी 14 साल और उससे अधिक उम्र के युवाओं तक पहुंच बढ़ाने की तैयारी कर रही है, जिसमें Gen Z और Gen Alpha के युवाओं पर विशेष ध्यान रहेगा।
नितिन नवीन और बीएल संतोष से अलग मुलाकात
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने पदाधिकारियों के साथ मिलेट्स से बना भोजन भी किया। इसके अलावा उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन से जुड़े बीएल संतोष के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। नितिन नवीन के साथ संसदीय बोर्ड के सदस्यों के नामों को लेकर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है। इन नामों की घोषणा जल्द होने की संभावना जताई जा रही है।
वरिष्ठ नेताओं की टीमें बनाने की तैयारी
युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए देशभर में वरिष्ठ नेताओं की अलग-अलग टीमें तैयार किए जाने की योजना है। भारतीय जनता युवा मोर्चा इन टीमों के गठन और उन्हें सक्रिय करने में सहयोग करेगा। पार्टी का फोकस नई पीढ़ी के साथ लगातार संवाद स्थापित करने और संगठन से उन्हें जोड़ने पर रहेगा।