Dwarka expressway delhi- नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और NCR के लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दो बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। करीब 11 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-II) और द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली खंड से अब सिंघु बॉर्डर से दिल्ली एयरपोर्ट का सफर सिर्फ 40 मिनट में पूरा हो सकेगा, जबकि पहले इसमें ढाई घंटे का समय लगता था। इन परियोजनाओं से दिल्ली, गुरुग्राम और पूरे एनसीआर में कनेक्टिविटी आसान होगी।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
UER-II और द्वारका एक्सप्रेसवे को दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे के दबाव को कम करने के लिए तैयार किया गया है। रोजाना तीन लाख से अधिक वाहनों को अब दिल्ली शहर में घुसने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे जाम और प्रदूषण दोनों कम होंगे।
द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली सेक्शन
द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड 10.1 किलोमीटर लंबा है, जिसे 5,360 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। यह शिव मूर्ति चौक से द्वारका सेक्टर-21 और आगे दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर तक फैला है। यह हिस्सा यात्रियों के लिए तेज और सुगम यात्रा का अनुभव देगा।
आर्थिक और सामाजिक लाभ
नई सड़क परियोजनाओं से कारोबार, ऑफिस और फैक्ट्री तक पहुंच आसान होगी। समय और ईंधन की बचत होगी, जिससे व्यापारियों, कारोबारियों और किसानों को लाभ पहुंचेगा। साथ ही दिल्ली के पर्यावरण को स्वच्छ रखने में भी मदद मिलेगी।
ग्रीन दिल्ली-क्लीन दिल्ली की ओर कदम
UER-II के निर्माण में लाखों टन कचरे का पुनः उपयोग किया गया है। यह पहल न केवल आधुनिक सड़कें दे रही है, बल्कि दिल्ली को कचरे के पहाड़ों से मुक्त करने की दिशा में भी अहम कदम है।