
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर को अपने जन्मदिन के अवसर पर मध्यप्रदेश के धार जिले का दौरा किया। यहां उन्होंने देश के सबसे बड़े इंटिग्रेटेड "पीएम मित्र पार्क" का उद्घाटन किया और एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने आतंकवाद पर सख्त रुख दिखाया, सरदार पटेल के योगदान को याद किया और ‘विकसित भारत’ की यात्रा के चार प्रमुख स्तंभ महिला, युवा, किसान और गरीब का संकल्प दोहराया।
“घर में घुसकर मारता है नया भारत”
अपने भाषण में पीएम मोदी ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर करारा वार किया। उन्होंने कहा कि कल ही दुनिया ने देखा कि एक पाकिस्तानी आतंकवादी रो-रोकर अपना हाल बता रहा था। यही नया भारत है, जो किसी की परमाणु धमकियों से डरता नहीं, बल्कि घर में घुसकर मारता है। उन्होंने याद दिलाया कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों ने हमारी बहनों का सिन्दूर उजाड़ा था, लेकिन भारत ने ऑपरेशन सिंदूर कर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।
सरदार पटेल और हैदराबाद मुक्ति दिवस
पीएम मोदी ने अपने भाषण में सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति को याद किया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर सिर्फ मेरा जन्मदिन नहीं, बल्कि देश के इतिहास का अहम दिन है। इसी दिन भारतीय सेना ने सरदार पटेल के नेतृत्व में हैदराबाद को आज़ाद कराया था। दशकों तक किसी सरकार ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को याद नहीं किया, लेकिन हमारी सरकार ने इसे अमर किया और 17 सितंबर को "हैदराबाद मुक्ति दिवस" के रूप में मनाना शुरू किया।
इसे भी पढ़ें : सुपर 4 की गद्दी के लिए अंतिम संग्राम, Sri Lanka-Afghanistan मुकाबले से तय होगा तख़्त!
नारी शक्ति बनी राष्ट्र शक्ति
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत यात्रा के चार स्तंभ हैं नारी, युवा, गरीब और किसान। इनमें सबसे अहम है नारी शक्ति, क्योंकि स्वस्थ मां का अर्थ है मजबूत परिवार और सशक्त समाज। उन्होंने "स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" अभियान को राष्ट्र को समर्पित करते हुए कहा कि माताओं और बहनों का स्वास्थ्य देश की प्रगति का आधार है।
आदिसेवा पर्व और मित्र पार्क की सौगात
प्रधानमंत्री ने बताया कि देशभर में चल रहे आदिसेवा पर्व का मध्यप्रदेश संस्करण अब शुरू हो रहा है। यह अभियान धार समेत प्रदेश के जनजातीय समाज को सरकार की योजनाओं से जोड़ने का सेतु बनेगा। साथ ही विश्वकर्मा जयंती के दिन पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन एक ऐतिहासिक कदम है। इस पार्क से टेक्सटाइल उद्योग को नई ऊर्जा मिलेगी, किसानों को उपज का सही मूल्य मिलेगा और युवाओं को रोजगार के बड़े अवसर मिलेंगे।