प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से फोन पर बातचीत कर उनके पिता और कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि शेख हमद का भारत के प्रति विशेष लगाव, कतर में रहने वाले भारतीय समुदाय के प्रति उनका स्नेह और भारत-कतर संबंधों को मजबूत बनाने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी विरासत दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को आगे भी नई दिशा देती रहेगी।
पूर्व अमीर को बताया दूरदर्शी नेता और भारत का मित्र
प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व अमीर को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता बताया, जिनके कार्यकाल में कतर ने विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को हासिल किया। उन्होंने कहा कि शेख हमद भारत के सच्चे मित्र थे और दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रधानमंत्री ने फरवरी 2024 में कतर यात्रा के दौरान उनके साथ हुई मुलाकात को भी याद किया।
भारत ने राष्ट्रीय शोक मनाकर दी श्रद्धांजलि
पूर्व अमीर के सम्मान में भारत सरकार ने 13 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय शोक घोषित किया था। इस अवसर पर देशभर की सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रखा गया। विदेश मंत्रालय ने इसे भारत और कतर के बीच गहरे और मैत्रीपूर्ण संबंधों का प्रतीक बताया तथा दिवंगत नेता के प्रति भारत की श्रद्धांजलि व्यक्त की।
Spoke with H.H. Sheikh Tamim bin Hamad Al Thani, the Amir of Qatar and conveyed heartfelt condolences on the passing of H.H. the Father Amir, Sheikh Hamad bin Khalifa Al Thani. Recalled his deep affection for India, his warmth towards the Indian community in Qatar and his…
— Narendra Modi (@narendramodi) July 16, 2026
यह भी देखेंःPuri Rath Yatra: पुरी रथयात्रा में भीड़ बेकाबू, भगदड़ जैसे हालात में दो श्रद्धालुओं की मौत, 100 से अधिक घायल
आधुनिक कतर के निर्माण में निभाई अहम भूमिका
शेख हमद बिन खलीफा अल थानी ने वर्ष 1995 से 2013 तक कतर का नेतृत्व किया। उनके शासनकाल में देश ने आर्थिक विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे और वैश्विक कूटनीतिक प्रभाव के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की। बाद में उन्होंने स्वेच्छा से सत्ता अपने पुत्र शेख तमीम बिन हमद अल थानी को सौंप दी। उन्हें आधुनिक कतर के निर्माण में उनके योगदान के लिए व्यापक रूप से याद किया जाता है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी दोहा जाकर जताई संवेदना
पूर्व अमीर के निधन के बाद केंद्रीय संसदीय एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी दोहा का दौरा कर भारत सरकार और देशवासियों की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश सौंपा और दोनों देशों के बीच मजबूत मित्रता तथा रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।