
संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान एक ऐसा पल आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस की एक युवा सांसद के बयान से गुस्सा हो गए लेकिन फिर उन्होंने उसे माफ भी कर दिया. यह युवा सांसद थीं प्रणीति शिंदे जो महाराष्ट्र के सोलापुर से कांग्रेस की लोकसभा सांसद हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे की बेटी हैं. संसद में चर्चा के दौरान प्रणीति शिंदे के बयान ने एक बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया. पीएम मोदी ने जहां एक ओर उन्हें युवा कहकर माफ किया, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेतृत्व पर सीधा हमला बोला, यह कहते हुए कि ऐसे बयानों से देश की सेना और उनके साहस का अपमान होता है.
क्या कहा था प्रणीति शिंदे ने?
संसद में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर हो रही चर्चा में कांग्रेस की ओर से बोलते हुए प्रणीति शिंदे ने केंद्र सरकार पर सूचना छिपाने का आरोप लगाया. उन्होंने अपने भाषण में कहा,"ऑपरेशन सिंदूर कोई सैन्य जीत नहीं, बल्कि एक मीडिया तमाशा था। हमें यह तक नहीं बताया गया कि इस ऑपरेशन में क्या हासिल हुआ, कितने आतंकवादी मारे गए, कितने पकड़े गए, और क्या हमने कोई विमान खोया. अगर कोई गलती हुई है, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी है, यह सरकार को बताना चाहिए."
पीएम मोदी का पलटवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब संसद में अपनी बारी में बोलना शुरू किया, तो उन्होंने कांग्रेस पार्टी और प्रणीति शिंदे के बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "कांग्रेस की एक नई सांसद ने ऑपरेशन सिंदूर को 'तमाशा' कहा. मैं मानता हूं कि वह युवा हैं उन्हें माफ किया जाना चाहिए. लेकिन असली जिम्मेदार वो हैं जिन्होंने उन्हें ऐसा बोलने को कहा. कांग्रेस के शीर्ष नेताओं में खुद बोलने की हिम्मत नहीं होती, इसलिए वो अपने सांसदों से ऐसे बयान दिलवाते हैं."
उन्होंने आगे कहा,"यह कहना कि ऑपरेशन सिंदूर तमाशा है, ऐसा बयान देना हमारे सैनिकों के बलिदान पर तेजाब डालने जैसा पाप है. विपक्ष को सरकार की नीति से असहमति हो सकती है, लेकिन सेना के पराक्रम का अपमान नहीं किया जाना चाहिए."
पीएम ने माफ किया, लेकिन कांग्रेस पर तीखा हमला
हालांकि पीएम मोदी ने साफ कहा कि प्रणीति शिंदे को माफ कर देना चाहिए क्योंकि वह युवा हैं, लेकिन उन्होंने यह भी जताया कि इस तरह के बयान कांग्रेस के बड़े नेताओं की लिखी स्क्रिप्ट का हिस्सा होते हैं.
कौन हैं प्रणीति शिंदे?
महाराष्ट्र के सोलापुर से कांग्रेस सांसद हैं.वो पूर्व गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे की बेटी हैं. प्रणीति युवाओं में सक्रिय और बेबाक बोलने वाली सांसद के तौर पर जानी जाती हैं.