प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 30 सितंबर को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर चर्चा की। दोनों नेताओं के बीच भारत-अमेरिका संबंधों से संबंधित कई अहम मामलों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत ‘सार्थक’ बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण तकनीकों समेत कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की गई।
ट्रेड डील पर जारी बातचीत के बीच हुई चर्चा
मोदी और ट्रंप की यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल 29 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के साथ-साथ व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की संभावनाओं पर भी बातचीत हो रही है।
ट्रेड डील को लेकर दोनों देशों के बीच पिछले कुछ समय से बातचीत चल रही है। हालिया अमेरिकी टैरिफ उपायों और रूस से भारत के तेल आयात से जुड़े मुद्दों ने भी व्यापार वार्ता को प्रभावित किया है। ऐसे में मोदी-ट्रंप फोन कॉल को व्यापार संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
डिफेंस और ऊर्जा सहयोग पर भी जोर
बातचीत में रक्षा और ऊर्जा सहयोग भी प्रमुख मुद्दे रहे। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के तहत इन क्षेत्रों में चल रहे सहयोग की समीक्षा की। इसके अलावा महत्वपूर्ण और उभरती तकनीकों को लेकर भी दोनों देशों के बीच सहयोग पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका की Comprehensive Global Strategic Partnership को आगे बढ़ाने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। बातचीत में क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों के साथ-साथ शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
जून में भी हुई थी आमने-सामने मुलाकात
मोदी और ट्रंप की इससे पहले 17 जून 2026 को फ्रांस के एवियन में G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी। उस बैठक में दोनों नेताओं ने रक्षा, रणनीतिक तकनीक, ऊर्जा और द्विपक्षीय व्यापार समेत कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की थी। बुधवार की फोन वार्ता ऐसे समय हुई है जब भारत-अमेरिका संबंधों में व्यापार के साथ-साथ रक्षा, ऊर्जा और तकनीकी सहयोग भी महत्वपूर्ण एजेंडा बना हुआ है। दोनों देशों की ओर से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।