
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पूरे दिन राज्य में चुनावी प्रचार किया। उन्होंने सबसे पहले आरा और नवादा में जनसभाओं को संबोधित किया, जहां उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में वोट की अपील की। पीएम मोदी ने बिहार के विकास, रोजगार और सुशासन को लेकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए जनता से एनडीए को फिर से सत्ता में लाने की अपील की।
पटना में हुआ भव्य रोड शो
शाम को पीएम मोदी ने पटना में मेगा रोड शो किया, जो कदमकुआं के दिनकर चौक से शुरू होकर गांधी मैदान स्थित उद्योग भवन तक लगभग 2.8 किलोमीटर तक चला। रोड शो के दौरान हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। पूरे मार्ग पर 10 स्वागत प्वाइंट बनाए गए थे, जहां प्रधानमंत्री का स्वागत फूलों की वर्षा, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य से किया गया। रोड शो से पहले उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पटना साहिब गुरुद्वारे में की पूजा-अर्चना
रोड शो के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना साहिब गुरुद्वारे पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेका और देश के लिए शांति व समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही पीएम मोदी ने दिनभर के चुनाव प्रचार का समापन किया। सोमवार को एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दो रैलियों को संबोधित करेंगे, जिससे गठबंधन के प्रचार अभियान को और गति मिलने की उम्मीद है।