PM MODI: लखनऊ में गुरुवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर पीएम मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण किया। इसके बाद पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी को गर्व है कि उसने भारत को एक ही परिवार के बंधन से मुक्त करवाया। पहले हर जगह एक ही परिवार का कब्जा था, हमने भारत को जो एक ही परिवार में बंधक था उसे मुक्त करवाया। इस मौके पर उन्होंने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय की विशाल कांस्य प्रतिमाओं का भी अनावरण किया।
हमने हर विचारधारा के लोगों को सम्मान दिया
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले भाजपा को अछूत माना गया। जबकि हमारी सरकार ने कांग्रेस नेता रहे और पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी को भारत रत्न देकर सम्मानित किया। मुलायम सिंह यादव को सम्मानित किया। हमारे संस्कार किसी का अपमान करने के नहीं हैं। हमने सभी को सम्मान दिया है।उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि आज यूपी की पहचान बदल रही है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो चुका है। प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
पहले एक ही परिवार का गुणगान किया जाता था
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले देश की हर योजना में, किताबों में और हर शहर में एक ही परिवार का गौरवगान किया जाता था। हर अच्छे काम को एक ही परिवार से जोड़ने की सोच रही। सड़क हो या मूर्तियां एक ही परिवार के लोगों की थीं। भाजपा ने देश को एक परिवार पर केंद्रित राजनीति से बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाएं अब कई जगहों पर लगी हुई हैं। दिल्ली के शाही परिवार ने आंबेडकर के योगदान को मिटाने का पाप किया। यही काम प्रदेश में सपा ने भी किया। सपा और कांग्रेस के लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की विरासत को मिटाने का पाप किया और उनका अपमान किया।
अटल जी ने सुशासन को सही मायने में जमीन पर उतारा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अटल जी ने सही मायने में सुशासन को जमीन पर उतारा। दशकों तक देश में गरीबी हटाने को ही सुशासन मान लिया गया था। देश में टेलीकॉम सेक्टर के विकास में अटल की नीतियां काम आई हैं। अटल जी की सरकार में ही गांव-गांव तक सड़कें पहुंचाने का काम शुरू हुआ था। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत देश के गांवों में आठ लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ। बीते 11 साल में चार लाख किलोमीटर सड़कों का ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण हुआ। आज पूरे देश में एक्सप्रेसवे बनाने का काम चल रहा है। यूपी एक्सप्रेसवे बनाने में नाम कमा रहा है। अटल जी ने ही दिल्ली में मेट्रो की शुरूआत की। मेट्रो नेटवर्क लोगों की जिंदगी आसान बना रही है।
करोड़ों भारतीयों ने गरीबी को हराया है
पीएम मोदी ने जनसंघ नेता दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने एकात्म मानववाद का सिद्धांत दिया। आज देश के करोड़ों नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यही तो सच्चा सेकुलरिज्म है। देश के हर नागरिक को सम्मान मिल रहा है। बीते एक दशक में करोड़ों भारतीयों ने गरीबी को हराया है।
पूरे देश को बधाई
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज लखनऊ को एक नया प्रेरणा स्थल प्राप्त हुआ है। यह हमारे लिए आत्मसम्मान, गौरव और सेवा का प्रतीक है। यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल हमें संदेश देता है कि हमारा हर कदम हर प्रयास राष्ट्रनिर्माण के लिए समर्पित है। सबका प्रयास ही विकसित भारत का निर्माण करेगा। मैं लखनऊ, उत्तर प्रदेश और पूरे देश को राष्ट्र प्रेरणा स्थल की बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि देश में दो विधान दो संविधान नहीं चलेंगे। मुझे खुशी है कि भाजपा सरकार को जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का सौभाग्य मिला और डॉ. मुखर्जी का सपना साकार हुआ।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल का बटन दबाकर लोकार्पण किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल का बटन दबाकर लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय की विशाल कांस्य प्रतिमाओं का भी अनावरण किया।
मंहगाई दर कम हो रही
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी की नीतियों की वजह से महंगाई दर कम हो रही है। इसी के साथ-साथ विकास दर आठ फीसदी हुई है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज मजबूत हुई है। अब भारत कुछ बोलता है तो पूरा विश्व ध्यान से सुनता है कि भारत कह क्या रहा है। पूरे विश्व में भारत की छवि बेहतर हुई है।
राष्ट्रनायकों को सम्मान दे रहीं राज्य व केंद्र सरकारें
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लखनऊ के सांसद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश को गौरव दिलाने का काम पीएम मोदी कर रहे हैं। उन्होंने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी देखरेख में इतना भव्य प्रेरणा स्थल बनकर तैयार हुआ है। राज्य और केंद्र सरकारें लगातार देश की आम जनता की बेहतरी के काम कर रही हैं। इसी के साथ-साथ वह अतीत में हुए अपने राष्ट्र नायकों को सम्मान भी दे रही हैं।
अटल को भारत रत्न देकर पीएम मोदी ने देश का गौरव बढ़ाया
सीएम योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न देकर इस सरकार ने उन्हें सम्मानित किया है। यह शहर अपने देश की विभूतियों को उनका गौरव और सम्मान देता है।
अटल ने कहा था कि अंधेरा छंटेगा, हम वही होते देख रहे हैं
राम चंद्र भगवान और भारत माता के जयकारों के सीएम योगी ने अपना अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने पीएम का अभिनंदन किया। सीएम ने यहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के देश के प्रति योगादानों को याद किया। सीएम ने कहा कि हम सबकी प्रेरणा के रूप में ये राष्ट्र नायक हमारा सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी कहा था कि अंधेरा छटेगा कमल खिलेगा की बात कही थी। अब वही होते हुए देख रहे हैं।