
PM Modi inaugurated: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की नई विधानसभा भवन का उद्घाटन किया। यह भवन ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर आधारित है, जो पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित होगा और वर्षा जल संचयन प्रणाली से लैस है। 51 एकड़ में फैला यह विशाल भवन राज्य की रजत जयंती यानी 25वीं वर्षगांठ पर समर्पित किया गया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक भवन का लोकार्पण नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की 25 साल की जन आकांक्षाओं और विकास यात्रा का प्रतीक है।
छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा पर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम भविष्य की शुरुआत है। उन्होंने कहा, “मेरे जीवन को गढ़ने में छत्तीसगढ़ की भूमि और यहां के लोगों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। मैं इस राज्य के निर्माण और इसके हर परिवर्तन का साक्षी रहा हूं।” मोदी ने राज्य की जनता, सरकार और जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई विधानसभा छत्तीसगढ़ की प्रगति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनेगी।
#WATCH | Nava Raipur, Chhattisgarh: Prime Minister Narendra Modi says, "When Atal ji formed the state of Chhattisgarh in the year 2000, that decision wasn't merely administrative. It was a decision to open new avenues for development and to recognise the soul of Chhattisgarh.… pic.twitter.com/gZo7cW59Xp
— ANI (@ANI) November 1, 2025
अटल बिहारी वाजपेयी को किया नमन
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी और कहा, “अटल जी की दूरदृष्टि और करुणा ने ही छत्तीसगढ़ राज्य का गठन संभव बनाया। उन्होंने न सिर्फ एक प्रशासनिक निर्णय लिया, बल्कि छत्तीसगढ़ की आत्मा को नई पहचान दी।” मोदी ने कहा कि आज जब इस नई विधानसभा के साथ अटल जी की प्रतिमा का अनावरण हुआ है, तो यह उनके सपनों की पूर्ति का क्षण है। अधिकारियों के अनुसार, भवन में 500 लोगों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और 100 सीटों वाला सेंट्रल हॉल भी बनाया गया है, जो आधुनिकता और परंपरा का संगम प्रस्तुत करता है।