PM Modi Inaugurated: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। करीब 169 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इन सुविधाओं को देश की वित्तीय व्यवस्था और डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया गया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि विकास सरकार की प्राथमिकता है और इसका लाभ देश के हर क्षेत्र और हर नागरिक तक पहुंचना चाहिए।
डिजिटल सुरक्षा और वित्तीय व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
भुवनेश्वर में शुरू की गई नई सुविधाओं का उद्देश्य डिजिटल बुनियादी ढांचे और साइबर सुरक्षा से जुड़ी क्षमताओं को मजबूत करना है। डिजिटल लेनदेन और ऑनलाइन बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच वित्तीय संस्थानों के डेटा की सुरक्षा महत्वपूर्ण हो गई है। साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान के जरिए इस क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को प्रशिक्षण देने में भी मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री ने इन सुविधाओं को अधिक सुरक्षित वित्तीय प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए विकास
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद देश में बड़े शहरों में अस्पताल, हवाई अड्डे और बड़े संस्थान विकसित हुए, लेकिन कई छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी रही। बेहतर इलाज के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी और कई क्षेत्रों में हवाई संपर्क भी सीमित था। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ देश के सभी हिस्सों तक पहुंचाना एक बड़ी चुनौती रही है।
यह भी देखेंःKharge Statement: पटना में खरगे के बयान पर विवाद, युवक ने लगाया था ‘मोदी नहीं जाएगा’ का नारा
सरकार ने विकास को लेकर सोच बदलने का किया प्रयास
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने विकास को लेकर अपनी सोच में बदलाव लाने का प्रयास किया है। उन्होंने अपनी सरकार के मॉडल को ‘प्रो-पीपल, प्रो-एक्टिव और गुड गवर्नेंस’ पर आधारित बताया। पीएम मोदी के मुताबिक, विकास का अर्थ केवल बड़े शहरों में सुविधाएं बढ़ाना नहीं, बल्कि गांवों, छोटे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों को भी समान अवसर देना है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को यह भरोसा मिलना चाहिए कि विकास की यात्रा में वह पीछे नहीं छूटेगा।
एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य सुविधाओं का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि देश में एक्सप्रेसवे के जरिए छोटे शहरों को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने एम्स जैसे चिकित्सा संस्थानों के विस्तार और छोटे शहरों में मेडिकल कॉलेज खोले जाने का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने गांवों में करीब पौने दो लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाने की बात कही। इससे पहले उन्होंने वाराणसी में नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो भी देखा। भुवनेश्वर में RBI की नई सुविधाओं का उद्घाटन उनके इसी दौरे का हिस्सा रहा।