
ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर दो दिवसीय भारत दौरे पर बुधवार को मुंबई पहुंचे. बता दें कि ये कीर स्टार्मर का प्रधानमंत्री बनने के बाद पहला भारत दौरा है. इस समय वैश्विक अर्थव्यवस्था अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीतियों से प्रभावित है, ऐसे में भारत और ब्रिटेन के बीच मजबूत आर्थिक साझेदारी की उम्मीदें बढ़ गई हैं.
साझेदारी के नए युग की शुरुआत पर चर्चा
मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कीर स्टार्मर के बीच हुई बैठक में दोनों देशों के बीच साझेदारी के नए युग की शुरुआत पर चर्चा हुई. पीएम मोदी ने कहा कि “स्टार्मर के नेतृत्व में भारत-ब्रिटेन संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है.” दोनों नेताओं ने विजन 2035 रोडमैप के तहत व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, जलवायु और शिक्षा में सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प लिया. वहीं इस दौरना ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि ब्रिटेन और भारत का साझा लक्ष्य दोनों देशों में नए निवेश सुनिश्चित करना और रोजगार सृजन करने का है.
Sharing my remarks during the India-UK CEO Forum. https://t.co/bdo8XCdMBV
— Narendra Modi (@narendramodi) October 9, 2025
9 ब्रिटिश विश्वविद्यालय भारत में खोलेंगे कैंपस
इस मुलाकात के दौरान शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी घोषणा हुई. पीएम मोदी ने कहा कि 9 ब्रिटिश विश्वविद्यालय भारत में अपने कैंपस खोलेंगे. यह कदम भारतीय छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने और दोनों देशों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम साबित होगा.
भारत और ब्रिटेन का साझा लक्ष्य नए निवेश और रोजगार
पीएम कीर स्टार्मर ने बताया कि भारत और ब्रिटेन का साझा लक्ष्य नए निवेश और रोजगार के अवसर पैदा करना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस यात्रा का मकसद वीजा समझौता नहीं, बल्कि पहले से हस्ताक्षरित व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (CETA) के लाभों को लागू करना है. इस समझौते से 90 फीसदी से अधिक वस्तुओं पर टैरिफ हटाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे व्यापार सस्ता और तेज़ होगा.
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में दोनों नेता होंगे शामिल
इसके साथ ही ये दोनों नेता मुंबई में चल रहे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 में भाग लेने वाले हैं, जहां वे विश्वभर के उद्योगपतियों और नीति-निर्माताओं से संवाद करेंगे. यह कार्यक्रम भारत-यूके के बीच प्रौद्योगिकी, वित्त और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देगा.
इसे भी पढ़ें : Asia Cup में कमाल करते ही Tilak की लगी लॉटरी, अब इस टीम में मिली जगह, पढ़ें एक क्लिक में
एयर इंडिया हादसे पर जताई संवेदना
इस मुलाकात दौरान पीएम स्टार्मर ने कुछ दिन पहले अहमदाबाद में हुई एयर इंडिया दुर्घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि ब्रिटेन भारत के साथ हर मुश्किल में खड़ा रहेगा. इसके साथ ही पीएम कीर स्टार्मर ने भारतीयों को दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं.
भारत वैश्विक विकास का “लॉन्चपैड”- पीएम कीर
स्टार्मर ने भारत की तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि “भारत 2028 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है.” उन्होंने इसे वैश्विक विकास का “लॉन्चपैड” बताया और कहा कि भारत के साथ व्यापार के अवसरों का कोई मुकाबला नहीं है. वहीं सोशल मीडिया पर स्टार्मर ने लिखा कि “भारत में ब्रिटिश व्यवसायों की वृद्धि का मतलब है ब्रिटेन में लोगों के लिए ज्यादा रोजगार.” वे 125 सदस्यीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आए हैं, जो दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकेत है.