
Suman Sakhi Chatbot: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के धार जिले से महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ा बड़ा डिजिटल कदम उठाते हुए ‘सुमन सखी चैटबॉट’ लॉन्च किया है। यह चैटबॉट एआई तकनीक पर आधारित है और खासतौर पर प्रेग्नेंसी, पीरियड्स, प्रसव और नवजात शिशु की देखभाल से जुड़ी जानकारी देने के लिए तैयार किया गया है। इसे ‘महिलाओं की डिजिटल दीदी’ भी कहा जा रहा है। हिंदी भाषा में उपलब्ध यह चैटबॉट 24 घंटे सक्रिय रहेगा और खासकर ग्रामीण एवं दूरदराज की महिलाओं को समय पर जानकारी देने में मदद करेगा।
कैसे करेगा काम
इस चैटबॉट का इस्तेमाल महिलाएं व्हाट्सएप के जरिए कर सकती हैं। इसके लिए 9770905942 नंबर पर “नमस्कार” या “प्रश्न पूछना चाहती हूं” लिखकर मैसेज भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट का मेन्यू खुल जाएगा, जिसमें गर्भावस्था जांच, खतरे के संकेत, पीरियड्स से जुड़ी समस्याएं, नवजात शिशु की देखभाल और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों की जानकारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही परिवार नियोजन, टीकाकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी तुरंत मिलेगी। सबसे खास बात यह है कि चैटबॉट पूरी तरह गोपनीय रहेगा, जिससे महिलाएं बिना हिचकिचाहट अपनी समस्याएं साझा कर सकेंगी।
यह भी देखेंःLado Laxmi Yojana: हरियाणा में शुरू हो रही लाडो लक्ष्मी योजना, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2100 रुपये
एनएचएम और एमपीएसईडीसी की पहल
‘सुमन सखी चैटबॉट’ को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPSeDC) ने मिलकर विकसित किया है। शुरुआत में इसे कुछ जिलों में लागू किया जाएगा और धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में विस्तार किया जाएगा। लॉन्चिंग कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि यह चैटबॉट मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में मददगार होगा। इसी अवसर पर प्रधानमंत्री ने मातृ वंदना योजना के तहत देशभर की 10 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर की और सिकल सेल एनीमिया कार्ड भी वितरित किए।