PM Modi Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एनडीए के करीब 45 सांसदों के साथ नाश्ते पर मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने सांसदों को जनता से जुड़े रहने और अपने संसदीय क्षेत्रों के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता का उपयोग जनसेवा के लिए होना चाहिए। पीएम ने सांसदों को पार्टी की नीति के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की सलाह भी दी।
45 सांसदों के साथ पीएम मोदी की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को शिवसेना, एनसीपी (अजित पवार गुट), एनसीपीआई और अन्य सहयोगी दलों के सांसदों से मुलाकात की। इस बैठक में करीब 45 सांसद शामिल हुए।मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने सभी सांसदों से व्यक्तिगत बातचीत की और उनके क्षेत्र से जुड़ी जानकारियां लीं। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी दल एक परिवार की तरह हैं और मिलकर देश के विकास के लिए काम करना ही प्राथमिकता है।
संसदीय क्षेत्र में जनता के बीच जाने की सलाह
प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जनता के बीच जाएं और लोगों की समस्याओं को समझें।उन्होंने सांसदों को गरीब, किसान, मजदूर और आम लोगों से सीधा संवाद बनाए रखने की सलाह दी। पीएम ने कहा कि क्षेत्र की वास्तविक स्थिति को समझने के बाद ही विकास योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सकता है।
विकास कार्यों के लिए PMO से संपर्क करने को कहा
पीएम मोदी ने सांसदों से कहा कि अगर उनके क्षेत्र में किसी विकास कार्य को लेकर जरूरत हो तो वे सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।उन्होंने सांसदों को अपने संसदीय क्षेत्रों के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की व्यवस्थाओं का प्रभावी उपयोग करने की बात कही।
स्वास्थ्य का ध्यान रखने का भी दिया संदेश
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने सांसदों के स्वास्थ्य को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनसेवा के लिए शरीर और स्वास्थ्य का ठीक रहना बेहद जरूरी है। पीएम मोदी ने धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबाळकर से उनके योग अभ्यास को लेकर भी जानकारी ली और सभी सांसदों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
सदन में शांतिपूर्ण तरीके से रखें अपनी बात
प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों को सदन की कार्यवाही को लेकर भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीति और विचारधारा के अनुसार हर मुद्दे पर अपनी बात रखें।उन्होंने कहा कि सदन के अंदर होने वाली बहस और माहौल की चिंता को बाहर नहीं ले जाना चाहिए। गुस्से में बोलने या अनावश्यक प्रतिक्रिया देने से बचना चाहिए।
NDA को बताया एक परिवार
बैठक के बाद एनसीपीआई नेता काकोली घोष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी सांसदों को एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया।उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग लंबे समय से एनडीए के साथ हैं और जो नए सहयोगी हैं, सभी एक परिवार का हिस्सा हैं। इस मुलाकात को आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।