
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से पूर्वोत्तर राज्यों के विशेष दौरे पर हैं। यह दौरा कई मायनों में अहम है क्योंकि पीएम मोदी मणिपुर और मिज़ोरम में बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर रहे हैं। मणिपुर में दो साल पहले हिंसा भड़कने के बाद प्रधानमंत्री पहली बार यहां पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले हिंसा पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार राज्य के साथ हर कदम पर खड़ी है।
मणिपुर में ₹7,300 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
चुराचांदपुर में प्रधानमंत्री मोदी ने 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की आधारशिला रखी। इन योजनाओं में 3,600 करोड़ रुपये की शहरी सड़कें, जल निकासी और परिसंपत्ति प्रबंधन सुधार परियोजना शामिल है। इसके अलावा 2,500 करोड़ रुपये की पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं, मणिपुर इन्फोटेक डेवलपमेंट (MIND) परियोजना और नौ स्थानों पर कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास भी इस पैकेज का हिस्सा हैं। पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करने आए कलाकारों ने इसे ऐतिहासिक पल बताया।
कांग्रेस ने साधा निशाना
जहां एक ओर लोग पीएम मोदी के स्वागत में उमड़े, वहीं कांग्रेस ने उनके इस दौरे को "दिखावटी" बताया। पार्टी ने कहा कि यह कदम राज्य के लोगों के जख्मों पर मरहम रखने की बजाय सिर्फ एक औपचारिकता है।
निवेश और विकास पर जोर
प्रधानमंत्री ने राइजिंग नॉर्थ ईस्ट शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर भारत का विकास इंजन बन रहा है। उन्होंने निवेशकों को इस क्षेत्र की क्षमता का लाभ उठाने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने बताया कि वोकल फॉर लोकल अभियान से पूर्वोत्तर के किसानों और कारीगरों को सीधा फायदा मिल रहा है। मिजोरम के बांस उत्पाद, अदरक, हल्दी और केले जैसे सामान अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में जगह बना रहे हैं।
ये भी पढ़ें : Tragic accident in Noida: नोएडा में दर्दनाक हादसा, 13वीं मंजिल से गिरे मां-बेटे की मौत
11 साल का विकास सफर
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 11 सालों से केंद्र सरकार लगातार पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी मजबूत करने पर काम कर रही है। सड़क, रेल, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, पानी और एलपीजी जैसी सुविधाएं अब यहां के घर-घर तक पहुंच रही हैं। मिजोरम को हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए जल्द ही हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी।
मिजोरम को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ा
दौरे का सबसे अहम पल मिजोरम में 8,070 करोड़ रुपये की बैराबी-सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन रहा। यह पहली बार है जब मिजोरम की राजधानी भारतीय रेल नेटवर्क से सीधे जुड़ी है। कठिन पहाड़ी इलाके में बनी इस परियोजना में 45 सुरंगें, 55 बड़े पुल और 88 छोटे पुल शामिल हैं। खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री सीधे सभास्थल तक नहीं पहुंच पाए, लेकिन उन्होंने वर्चुअली इस परियोजना का उद्घाटन किया।
"मिज़ोरम भारत के विकास में अहम"
पीएम मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक मिज़ोरम ने हमेशा देश का साथ दिया है। आज यह राज्य न सिर्फ पूर्वोत्तर बल्कि पूरे भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।