राजस्थान के अजमेर से देश को विकास और स्वास्थ्य का बड़ा संदेश मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अध्याय की शुरुआत की। इसी मंच से बेटियों के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हुआ और हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
विकास परियोजनाओं का महाकुंभ
अजमेर की धरती पर आयोजित कार्यक्रम में शहरी विकास, सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और पेयजल से जुड़ी कई परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से विकास योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। उनका दावा था कि जो वादे किए गए थे, वे अब “रॉकेट की रफ्तार” से पूरे हो रहे हैं।
21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम का एक बड़ा आकर्षण 21,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण रहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए युवाओं को अवसर मिल रहे हैं और भ्रष्टाचार व पेपर लीक पर सख्ती की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
स्वास्थ्य क्रांति: एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत
अजमेर से ही देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बेटियों की सेहत सुरक्षित होगी तो देश का भविष्य भी सुरक्षित होगा।
एक्सप्रेसवे और ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा
इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बांदीकुई-जयपुर 4-लेन एक्सप्रेसवे और दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे के अहम हिस्सों का उद्घाटन किया गया। जोधपुर में एलिवेटेड रोड का शिलान्यास भी हुआ। इसके साथ ही अक्षय ऊर्जा को मजबूती देने के लिए कई ग्रिड सब-स्टेशन शुरू किए गए और पूर्वी राजस्थान की पेयजल परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।
इजरायल दौरे का जिक्र और वीरों को नमन
हाल ही में इजरायल यात्रा से लौटे प्रधानमंत्री ने वहां राजस्थान के सपूत मेजर दलपत सिंह के सम्मान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर भी भारतीय वीरों के शौर्य को गर्व से याद किया जाता है।