PM Modi SCO Summit Kyrgyzstan Visit --प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO के 26वें शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचे हैं। सम्मेलन से पहले पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच दोनों नेताओं की यह मुलाकात अहम मानी जा रही है। इसके अलावा पीएम मोदी ने आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिन्यान और कई अन्य प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की।
ईरानी राष्ट्रपति से पीएम मोदी की अहम मुलाकात
SCO सम्मेलन से पहले बिश्केक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली द्विपक्षीय मुलाकात बताई जा रही है। ऐसे समय में हुई यह बैठक क्षेत्रीय हालात के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
SCO में सुरक्षा से लेकर व्यापार तक चर्चा
26वें SCO शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद और सीमा पार से उत्पन्न होने वाले खतरों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही व्यापार, ऊर्जा, परिवहन संपर्क और डिजिटल सहयोग जैसे मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में शामिल हो सकते हैं। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का मुद्दा भी चर्चा में आने की संभावना है।
आर्मेनिया के प्रधानमंत्री से भी मुलाकात
बिश्केक में पीएम मोदी ने आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिन्यान के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई। पीएम मोदी की SCO यात्रा के दौरान अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ इन मुलाकातों को भारत के कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
किर्गिस्तान में विभिन्न समुदायों से संवाद
प्रधानमंत्री मोदी ने किर्गिस्तान में अलग-अलग समुदायों के लोगों से भी मुलाकात की। इस दौरान किर्गिस्तान योग फेडरेशन के अध्यक्ष डैनिल रायकोव ने भी उनसे मुलाकात की। उन्होंने किर्गिस्तान में योग को बढ़ावा देने के लिए भारत और भारत सरकार से सहयोग की इच्छा जताई।
गांधी स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
पीएम मोदी ने बिश्केक में महात्मा गांधी स्मारक पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके अलावा उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की। वहीं SCO सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ पीएम मोदी की संभावित द्विपक्षीय बैठक को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। बिश्केक में आज दोनों नेताओं के बीच औपचारिक बैठक की संभावना नहीं जताई जा रही है।